Bee Farming Subsidy: खेती के साथ अगर किसान कोई ऐसा काम शुरू करना चाहते हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त कमाई हो सके, तो मधुमक्खी पालन एक अच्छा विकल्प बन सकता है. शहद की बढ़ती मांग के बीच इस व्यवसाय से किसान अच्छी आमदनी कर सकते हैं. खास बात यह है कि, मधुमक्खी पालन शुरू करने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद भी दी जा रही है.
इसके तहत किसान 50 मधुमक्खी बक्से लगाकर अपना काम शुरू कर सकते हैं. योजना में कुल लागत पर 50 फीसदी तक सब्सिडी मिल सकती है. यानी किसान को 2.56 लाख रुपये की कुल लागत में से 1.28 लाख रुपये तक सरकार की ओर से दिए जा सकते हैं. इससे किसानों के लिए कम खर्च में नया काम शुरू करना आसान हो सकता है.
50 मधुमक्खी बक्से लगाने पर कितनी मिलेगी सब्सिडी?
मधुमक्खी पालन शुरू करने के लिए बक्से, मधुमक्खियों के झुंड और शहद निकालने वाले उपकरणों की जरूरत पड़ती है. इन सभी चीजों को खरीदने में शुरुआत में अच्छा-खासा पैसा खर्च होता है. इसी खर्च को कम करने के लिए सरकार सब्सिडी दे रही है. योजना के मुताबिक, 50 मधुमक्खी बक्सों की लागत 2.56 लाख रुपये तय की गई है. इस पर 50 फीसदी यानी 1.28 लाख रुपये तक का अनुदान मिल सकता है. बाकी रकम किसान को खुद लगानी होगी.
सब्सिडी के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?
- योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आवेदन के साथ कुछ दस्तावेज जमा करने होंगे.
- इनमें आधार कार्ड, खेत की खतौनी, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं.
- आवेदन करते समय सभी दस्तावेज सही और अपडेट होने चाहिए.
- इससे विभाग को किसान की पहचान और बैंक खाते की जानकारी जांचने में आसानी होगी.
- साथ ही आवेदन में मांगी गई दूसरी जानकारियां भी सही भरनी होंगी.

यह भी पढ़ें: मखाना किसानों को मशीन खरीदने पर मिलेगी 80% सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन
कैसे करें मधुमक्खी पालन सब्सिडी के लिए आवेदन?
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. आवेदन मिलने के बाद विभाग की ओर से उनकी जांच की जाएगी. जांच में सही पाए जाने वाले किसानों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. हालांकि, आवेदन करने से पहले किसान अपने जिले के उद्यान विभाग कार्यालय में जाकर योजना की पात्रता, सब्सिडी की शर्तों और उपलब्ध लक्ष्य के बारे में जानकारी जरूर ले लें.
ट्रेनिंग लेने वाले किसानों को मिलेगी प्राथमिकता
मधुमक्खी पालन शुरू करने से पहले इसकी ट्रेनिंग लेना काफी फायदेमंद रहता है. इसमें किसानों को बताया जाता है कि मधुमक्खियों की देखभाल कैसे करनी है, बक्सों को कहां रखना है और शहद किस तरह निकालना है. इससे काम शुरू करने के बाद होने वाली गलतियों से बचा जा सकता है.
योजना में ट्रेनिंग ले चुके किसानों को प्राथमिकता दी जा सकती है. जिन किसानों ने अभी तक प्रशिक्षण नहीं लिया है, उनके लिए विभाग की ओर से इसकी व्यवस्था भी कराई जा सकती है.
यह भी पढ़ें: किसान पति-पत्नी को हर महीने मिलेंगे 6,000 रुपये! सरकार देगी पेंशन
