Agriculture

एक तालाब से होगी 4 कामों की कमाई! जानें इंटीग्रेटेड फार्मिंग का ये मॉडल

N
ABP News
November 25, 2026•3 min read
एक तालाब से होगी 4 कामों की कमाई! जानें इंटीग्रेटेड फार्मिंग का ये मॉडल

Integrated Farming System: खेती-किसानी में कमाई बढ़ाने के लिए अब किसान एक साथ कई काम कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें अलग-अलग जमीन या बहुत ज्यादा पैसा लगाने की भी जरूरत नहीं है. अगर आपके पास पहले से तालाब है तो मछली पालन के साथ मुर्गी पालन, बत्तख पालन और सब्जियों की खेती भी शुरू कर सकते हैं.

इन सभी कामों को एक ही जगह पर करने से खर्च कम करने और कमाई के कई रास्ते बनाने में मदद मिल सकती है. खेती करने के इस तरीके को इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम यानी एकीकृत कृषि प्रणाली कहते हैं. इसमें एक काम से निकलने वाली चीजों का इस्तेमाल दूसरे काम में किया जाता है.

एक तालाब से मिलेंगे कई तरह के उत्पाद

इस तरीके में किसान एक ही तालाब में रोहू, कतला और मृगल जैसी मछलियां पाल सकते हैं. इसके साथ तालाब के किनारे मुर्गियों के लिए शेड बनाया जा सकता है और बत्तखों को तालाब में तैरने के लिए छोड़ा जा सकता है. वहीं, तालाब के आसपास खाली पड़ी जमीन पर मौसमी सब्जियां उगाई जा सकती हैं.

इस तरह किसान को मछली, मुर्गी, अंडे, बत्तख और सब्जियां बेचकर कमाई करने का मौका मिलता है. अगर किसी एक उत्पाद की मांग कम हो जाए तो दूसरे उत्पादों से आमदनी जारी रह सकती है.

बत्तख और मुर्गियों से मछलियों को मिलेगा भोजन

किसान भाइयों के लिए सबसे खास बात तो ये हैं कि, इसमें एक काम से निकलने वाली चीज दूसरे काम में इस्तेमाल हो सकती है. बत्तखों का मल तालाब में प्राकृतिक खाद का काम करता है. इससे पानी में छोटे जीव और प्लवक पनपते हैं, जिन्हें मछलियां खाती हैं. इससे मछलियों को प्राकृतिक भोजन मिलने में मदद मिलती है.

वहीं, मुर्गियों के अपशिष्ट का इस्तेमाल खाद बनाने में किया जा सकता है. लेकिन ध्यान रखें कि, मुर्गियों और बत्तखों का मल सीधे जरूरत से ज्यादा तालाब में नहीं डालना चाहिए. इससे पानी गंदा हो सकता है और ऑक्सीजन की कमी होने पर मछलियों की मौत भी हो सकती है.

यह भी पढ़ें: सालभर खराब नहीं होगा धान! भंडारण के लिए अपनाएं ये 6 तरीके

तालाब के किनारे उगाएं ये सब्जियां

मछली पालन के साथ तालाब के आसपास खाली जमीन को भी बेकार न छोड़ें. यहां टमाटर, मिर्च, भिंडी, लौकी, पालक और गोभी जैसी मौसमी सब्जियां उगा सकते हैं. तालाब से निकलने वाली उपयुक्त जैविक खाद का इस्तेमाल भी सब्जियों की खेती में किया जा सकता है. इससे एक ही जगह का बेहतर इस्तेमाल होगा और सब्जियां बेचकर अतिरिक्त कमाई भी होगी.

कितनी आएगी शुरुआत में लागत?

इस काम को शुरू करने में कितना पैसा लगेगा, यह तालाब के आकार, मछलियों की संख्या और मुर्गियों-बत्तखों की संख्या पर निर्भर करता है. अगर किसान के पास पहले से तालाब और जमीन है तो शुरुआती खर्च कम हो सकता है. छोटे स्तर पर करीब 30 बत्तखों और कुछ मुर्गियों के साथ शुरुआत की जा सकती है. इसके लिए मछली के बीज, चूजे, शेड, दाना, दवाइयां और तालाब की तैयारी पर खर्च करना होगा.

यह भी पढ़ें: आंधी-तूफान में भी नहीं गिरेगी गन्ने की ये किस्म, 13 फीट तक होती है लंबाई

Topics & Tags:#Agriculture
एक तालाब से होगी 4 कामों की कमाई! जानें इंटीग्रेटेड फार्मिंग का ये मॉडल | Kisan Reporter