Agriculture

Bamboo Charcoal: बांस के चारकोल से जमीन को बनाएं उपजाऊ, ये तरीके आएंगे काम

N
ABP News
November 27, 2026•3 min read
Bamboo Charcoal: बांस के चारकोल से जमीन को बनाएं उपजाऊ, ये तरीके आएंगे काम

आजकल किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक मिट्टी की घटती उर्वरता है. लगातार रासायनिक खादों के इस्तेमाल, मिट्टी में जैविक पदार्थों की कमी और पानी के असंतुलित उपयोग का असर जमीन की गुणवत्ता पर पड़ता है. इसका सीधा प्रभाव फसलों की पैदावार पर भी देखने को मिलता है. ऐसे में किसान अब खेती के लिए ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं, जिनसे मिट्टी की सेहत को लंबे समय तक बेहतर रखा जा सके.

ऐसे में बांस से तैयार होने वाला चारकोल यानी बायोचार एक उपयोगी विकल्प बनकर सामने आया है. यह सामान्य कोयले से अलग होता है और मिट्टी में मिलाने पर उसकी जल धारण क्षमता, संरचना और पोषक तत्वों को संभालकर रखने की क्षमता बेहतर बनाने में मदद कर सकता है.

क्या होता है बायोचार?

बांस का बायोचार एक कार्बन युक्त पदार्थ है, जिसे बांस को सीमित ऑक्सीजन की मौजूदगी में उच्च तापमान पर गर्म करके तैयार किया जाता है. इस प्रक्रिया को पायरोलिसिस कहा जाता है. इसमें बांस पूरी तरह जलकर राख नहीं बनता, बल्कि एक काले रंग का कार्बन पदार्थ तैयार होता है. इसकी खास बात यह है कि इसमें छोटे-छोटे छेद होते हैं, जो मिट्टी में पानी और पोषक तत्वों को रोककर रखने में मदद करते हैं. नीति आयोग की एक तकनीकी प्रस्तुति में भी बांस के कचरे से बायोचार तैयार करने और इसे कृषि में उपयोगी मिट्टी सुधारक के रूप में इस्तेमाल करने के बारे में बताया गया है.

मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद करता है

बांस के बायोचार का सबसे बड़ा फायदा मिट्टी की भौतिक और रासायनिक गुणवत्ता सुधारने की इसकी क्षमता है. इससे मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रह सकती है. इससे उन क्षेत्रों में मदद मिल सकती है, जहां पानी की उपलब्धता सीमित है. इसके अलावा बायोचार मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों को रोककर रखने में मदद करता है, जिससे बारिश या सिंचाई के दौरान उनके बहकर निकलने की संभावना कम हो जाती है. यह मिट्टी की संरचना को बेहतर बनाने में भी मदद करता है.

यह भी पढ़ें: Bee Pollination: बिना खाद-पानी बढ़ाती हैं पैदावार, जानें खेती में मधुमक्खियों का कमाल

ऐसे करें खेत में बांस के चारकोल का इस्तेमाल

सबसे पहले बांस से बने बायोचार को छोटे-छोटे टुकड़ों या दानेदार रूप में तैयार करें. इससे इसे मिट्टी में मिलाना आसान होता है. बायोचार को गोबर की सड़ी खाद या कम्पोस्ट के साथ मिलाकर कुछ समय तक रखना बेहतर होता है. इसे बायोचार की चार्जिंग भी कहा जाता है. तैयार मिश्रण को खेत की ऊपरी मिट्टी में समान रूप से मिलाएं. इससे यह एक जगह जमा होने के बजाय पूरे क्षेत्र में फैल जाता है. बायोचार डालने के बाद जरूरत के अनुसार सिंचाई करें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे और पौधों को पोषक तत्व मिलते रहें.

इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

बांस का बायोचार इस्तेमाल करते समय यह ध्यान रखें कि वह साफ और सही तरीके से तैयार किया गया हो. पेंट, प्लास्टिक, रसायन या अन्य कचरे को जलाकर तैयार किए गए चारकोल को खेत में नहीं डालना चाहिए. साथ ही, सामान्य बारबेक्यू वाला कोयला या केवल लकड़ी की राख बायोचार का विकल्प नहीं है. ध्यान रखें कि बायोचार खुद संपूर्ण खाद नहीं है. इसमें सभी जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं होते. इसलिए इसके साथ गोबर की खाद, कम्पोस्ट और जरूरत के अनुसार संतुलित उर्वरकों का इस्तेमाल करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: Egg Business: देसी अंडों की फार्मिंग देगी तगड़ा मुनाफा, कम लागत में ऐसे मिलेगा फायदे का सौदा

Topics & Tags:#Agriculture
Bamboo Charcoal: बांस के चारकोल से जमीन को बनाएं उपजाऊ, ये तरीके आएंगे काम | Kisan Reporter