बैंगन की खेती करने वाले किसानों के सामने अक्सर एक बड़ी समस्या आती है. पौधे पर बैंगन तो लगते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में उनमें छेद दिखाई देने लगते हैं. कई बार बैंगन के अंदर कीड़े भी मिलते हैं, जिससे फल खाने और बाजार में बेचने लायक नहीं बचते. इस समस्या के पीछे मुख्य रूप से तना और फल छेदक कीट होता है. यह कीट पौधे की छोटी टहनियों से लेकर फलों तक को नुकसान पहुंचाता है. अच्छी बात यह है कि समय रहते कुछ जरूरी उपाय अपनाकर इसके हमले को कम किया जा सकता है.
इस कीड़े के हमले से खराब होने लगते हैं बैंगन
बैंगन की फसल में लगने वाला तना और फल छेदक कीट शुरुआत में पौधे की कोमल टहनियों को नुकसान पहुंचाता है. इसकी सुंडी टहनियों के अंदर घुसकर उन्हें खोखला करने लगती है. इससे पौधे की ऊपरी टहनियां मुरझाकर सूखने लगती हैं. जब पौधे में फल आने लगते हैं, तो यही कीट बैंगन के अंदर छेद करके घुस जाता है और अंदर का हिस्सा खाने लगता है. बैंगन पर छोटे छेद दिखाई देते हैं. ऐसे बैंगन अंदर से खराब हो जाते हैं और उनकी गुणवत्ता घट जाती है
यह भी पढ़ें : Winter Farming Tips: बदलते मौसम में पाला खराब कर सकता है ये फसलें, जानें क्या करें किसान?
खराब टहनियों और बैंगन को तुरंत हटाएं
इस कीट से फसल को बचाने का सबसे जरूरी तरीका है कि प्रभावित हिस्सों को समय पर पौधे से अलग कर दिया जाए. खेत में जिन टहनियों पर कीड़े का हमला दिखाई दे, उन्हें काटकर हटा दें. इसी तरह जिन बैंगनों में छेद दिखाई दे रहे हैं या जो अंदर से खराब हो चुके हैं, उन्हें भी पौधे से तोड़ लें. इन खराब फलों और टहनियों को खेत में इधर-उधर न फेंकें. इन्हें इकट्ठा करके नष्ट कर दें, ताकि उनमें मौजूद कीड़े आगे दूसरे पौधों तक न पहुंच सकें. यह काम नियमित रूप से करते रहना चाहिए.
फेरोमोन ट्रैप और नीम से करें बचाव
बैंगन की फसल को तना और फल छेदक कीट से बचाने के लिए फेरोमोन ट्रैप का इस्तेमाल किया जाता है. ये ट्रैप कीट के नर पतंगों को अपनी ओर खींचते हैं, जिससे उनकी संख्या और फसल में कीट के हमले का पता लगाने में मदद मिलती है. इन्हें खेत में सही दूरी पर लगाना जरूरी है. इसके अलावा नीम के बीजों से बना अर्क एनएसकेई5 प्रतिशत या नीम आधारित कीटनाशक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. अगर कीटों का हमला ज्यादा हो रहा है, तो कृषि विशेषज्ञ की सलाह से ही उचित दवा का छिड़काव करें. दवा की मात्रा हमेशा उसके लेबल पर दिए निर्देशों के अनुसार रखें. बिना जानकारी के एक से ज्यादा दवाओं को मिलाकर छिड़काव न करें.
यह भी पढ़ें : Donkey Milk Business: कैसे करें गधी के दूध का बिजनेस, कुछ ही महीनों में बना देगा लखपति
