Camel Farming Business: खेती के साथ अगर किसान पशुपालन का काम भी शुरू कर दें, तो उनकी कमाई बढ़ सकती है. गाय, भैंस और बकरी पालन के बारे में तो आपने खूब सुना होगा, लेकिन क्या कभी ऊंट पालन के बारे में सोचा है? अब यह सिर्फ रेगिस्तानी इलाकों तक सीमित नहीं रह गया है. ऊंटनी के दूध की बढ़ती मांग के चलते किसान और पशुपालक इसे कमाई का नया जरिया बना सकते हैं.
ऊंटनी के दूध के अलावा उसके बाल, चमड़े और बच्चे से भी आमदनी हो सकती है. इतना ही नहीं, ऊंट पालन शुरू करने के लिए सरकार की कुछ योजनाओं के तहत आर्थिक मदद भी मिल सकती है.
ऊंटनी के दूध से होगी अच्छी कमाई
ऊंट पालन में सबसे ज्यादा कमाई ऊंटनी के दूध से हो सकती है. बाजार में ऊंटनी का दूध करीब 250 से 300 रुपये प्रति लीटर तक बिक सकता है. एक ऊंटनी रोजाना औसतन 5 लीटर दूध देती है, तो इस हिसाब से रोजाना 1,250 से 1,500 रुपये की बिक्री हो सकती है.
अगर महीने का हिसाब लगाएं, तो दूध की बिक्री से करीब 37,500 से 45,000 रुपये तक मिल सकते हैं. इस तरह सालभर में एक ऊंटनी से करीब 4.5 से 5.4 लाख रुपये की बिक्री संभव है.
दूध के अलावा इन चीजों से भी होगी कमाई
ऊंट पालन का फायदा सिर्फ दूध बेचने तक सीमित नहीं है. ऊंट के बालों का इस्तेमाल रस्सी, कपड़े और सजावटी सामान बनाने में किया जाता है. वहीं, चमड़े से भी कई तरह की चीजें तैयार की जाती हैं. इसके अलावा ऊंटनी के बच्चा देने पर ऊंट का बच्चा भी पशुपालक के लिए संपत्ति की तरह होता है. हालांकि, इससे कमाई पशु की नस्ल, उम्र और बाजार की मांग पर निर्भर करती है.
यह भी पढ़ें: फसल खरीद व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब AgriStack पर करना होगा रजिस्ट्रेशन
ऊंट पालन पर सरकार देती है आर्थिक मदद
कुछ सरकारी योजनाओं के तहत ऊंट पालन को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. राजस्थान में ऊंटनी के बच्चा देने पर पशुपालकों को दो किश्तों में कुल 20 हजार रुपये की मदद देने का प्रावधान है. इसके अलावा राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत पशुपालन से जुड़े कुछ कारोबारों के लिए सब्सिडी मिलती है.
केंद्र सरकार की राष्ट्रीय पशुधन मिशन (NLM) योजना के तहत ऊंट पालन के लिए पात्र लोगों को ऊंट प्रजनन फार्म बनाने पर 50 फीसदी तक की पूंजी सब्सिडी मिल सकती है. इसकी अधिकतम सीमा 50 लाख रुपये है. यह मदद तय नियमों और मंजूर प्रोजेक्ट के आधार पर दी जाती है.
ऊंट पालन शुरू करने से पहले जान लें ये नियम
ऊंट पालन शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातें जानना जरूरी है. खासकर ऊंटों को खरीदने-बेचने और एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने के नियमों की जानकारी होनी चाहिए. जैसे राजस्थान में ऊंटों को मारने और दूसरे राज्यों में ले जाने पर खास नियम लागू हैं. इसलिए ऊंट खरीदने से पहले अपने इलाके के पशुपालन विभाग से इन नियमों की जानकारी जरूर ले लें.
यह भी पढ़ें: एक बीघे में करनी है हाइड्रोपोनिक खेती, जानें इसमें कितना आएगा खर्चा?
