गाय का समय पर हीट में आना उसके स्वस्थ होने और सही समय पर गर्भधारण के लिए जरूरी है. आमतौर पर गाय एक निश्चित अंतराल पर हीट में आती है, लेकिन कई बार ऐसा नहीं होता. कुछ गायों में हीट आने का समय बढ़ जाता है, जबकि कुछ में इसके लक्षण दिखाई ही नहीं देते. ऐसे में पशुपालक कई बार सही समय पर कृत्रिम गर्भाधान या दूसरी जरूरी प्रक्रिया नहीं करा पाते. अगर गाय लंबे समय तक हीट में नहीं आ रही है, तो इसके पीछे कुछ वजहें हो सकती हैं.
पोषण और मिनरल्स की कमी
गाय को सही मात्रा में चारा, दाना और जरूरी मिनरल्स नहीं मिलने पर उसके शरीर पर असर पड़ता है. खासकर फॉस्फोरस, कैल्शियम, जिंक और कॉपर जैसे मिनरल्स की कमी प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकती है. इसके अलावा ऊर्जा और प्रोटीन की कमी से भी गाय कमजोर हो सकती है. ऐसी स्थिति में उसके अंडाशय ठीक से काम नहीं कर पाते और हीट आने में देरी हो सकती है. इसलिए गाय को हरा चारा, सूखा चारा और संतुलित दाना देना चाहिए. पशु चिकित्सक की सलाह से मिनरल मिक्सचर भी दिया जा सकता है.
गर्भाशय में संक्रमण और पेट में कीड़े होना
बच्चा देने के बाद कुछ गायों के गर्भाशय में संक्रमण होने का खतरा रहता है. कई बार जेर समय पर नहीं गिरती या ब्याने के दौरान परेशानी होने से गर्भाशय में सूजन और संक्रमण हो जाता है. इस वजह से गाय का सामान्य प्रजनन चक्र प्रभावित होता है. कुछ मामलों में गर्भाशय में मवाद भी बन जाता है. अगर गाय में बदबूदार स्राव, बुखार या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो पशु चिकित्सक से जांच करानी चाहिए. जेर को खुद हाथ से खींचकर निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.
इसके अलावा, गाय के पेट में कीड़े या दूसरे परजीवी होने से उसका शरीर कमजोर हो जाता है. ऐसे में वह खाना तो खाती है, लेकिन शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता. लगातार कमजोरी और वजन कम होने का असर उसकी प्रजनन क्षमता पर भी पड़ता है. इसलिए पशुपालकों को समय-समय पर पशु की जांच करानी चाहिए.
यह भी पढ़ें : Winter Vegetable Farming: दिसंबर में चाहिए कमाई, तो खाली खेतों में अभी लगा दीजिए ये सब्जियां
साइलेंट हीट और हार्मोन में गड़बड़ी
कई बार गाय हीट में तो आती है, लेकिन उसके लक्षण साफ दिखाई नहीं देते. इसे साइलेंट हीट कहा जाता है. ऐसी गाय सामान्य रूप से खाना खाती रहती है और रंभाने जैसे संकेत नहीं दिखाती. इस वजह से पशुपालक हीट का सही समय पहचान नहीं पाते. इससे बचने के लिए सुबह और शाम गाय पर ध्यान देना चाहिए. दिन में भी कुछ समय उसकी गतिविधियों को देखना फायदेमंद रहता है.
गाय के शरीर में हार्मोन का संतुलन बिगड़ने पर भी वह समय पर हीट में नहीं आती. बहुत ज्यादा गर्मी, तनाव, कम खाना और शरीर का बहुत दुबला या मोटा होना इस समस्या को बढ़ाता है. गर्मी के दिनों में गाय को साफ पानी, छायादार जगह और हवादार पशुशाला में रखना चाहिए. साथ ही उसके खानपान और शरीर के वजन पर भी ध्यान देना जरूरी है.
पशु चिकित्सक से कब कराएं जांच?
अगर गाय लंबे समय से हीट में नहीं आ रही है, तो केवल खानपान बदलने या घरेलू उपाय करने पर निर्भर न रहें. सबसे पहले यह पता करना जरूरी है कि गाय गर्भवती तो नहीं है. इसके बाद पशु चिकित्सक उसकी जांच करके गर्भाशय, अंडाशय और हार्मोन से जुड़ी समस्या का पता लगाते हैं. बिना जांच के हार्मोन के इंजेक्शन या दवाएं देना नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए विशेषज्ञ से सलाह लिए बिना कुछ न करें.
यह भी पढ़ें : Seedless Parwal: बिना बीज वाले परवल की बढ़ गई डिमांड, किचन गार्डन में ऐसे करें इसकी खेती
