Agriculture

Fake Seeds Identification: फसल बुवाई के लिए कहीं नकली बीज तो नहीं ले आए? ऐसे करें पहचान

N
ABP News
November 17, 2026•3 min read
Fake Seeds Identification: फसल बुवाई के लिए कहीं नकली बीज तो नहीं ले आए? ऐसे करें पहचान

How to Identify Fake Seeds: फसल की अच्छी पैदावार के लिए किसान खेत की तैयारी से लेकर खाद और सिंचाई तक हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखते हैं. लेकिन अगर बुवाई के समय खरीदा गया बीज ही नकली या खराब निकला, तो पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है. ऐसे बीज बोने से पौधे ठीक से नहीं उगते, खेत में कहीं ज्यादा तो कहीं कम पौधे निकलते हैं और फसल की बढ़वार भी प्रभावित हो सकती है.

इस वजह से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसलिए बीज खरीदते समय उसकी सही तरह से जांच करना बेहद जरूरी है. इसी कड़ी में आइए जानते हैं कि, नकली या खराब बीज की पहचान कैसे कर सकते हैं.

बीज खरीदते समय पैकेट पर जरूर देखें ये बातें

बीज खरीदते समय सबसे पहले उसके पैकेट को ध्यान से देखें. पैकेट पर कंपनी या बीज बेचने वाली संस्था का नाम, बीज की किस्म, बैच नंबर, पैकिंग की तारीख और बीज की वैधता से जुड़ी जानकारी लिखी होनी चाहिए. इसके साथ ही बीज की अंकुरण क्षमता और शुद्धता की जानकारी भी दी जाती है. अगर पैकेट पर जरूरी जानकारी गायब है या लिखी हुई बातें साफ नहीं दिख रही हैं, तो ऐसे बीज खरीदने से बचें.

सील और टैग की भी करें जांच

बीज का पैकेट खरीदते समय उसकी सील जरूर देखें. अगर पैकेट पहले से खुला हुआ है, उसमें छेद है या दोबारा चिपकाने के निशान दिख रहे हैं, तो उसे न खरीदें. प्रमाणित बीज के पैकेट पर आमतौर पर टैग या लेबल लगा होता है. इस पर बीज से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाती है. टैग पर दी गई जानकारी और पैकेट पर लिखी बातों का मिलान भी कर लें.

यह भी पढ़ें: PM Kisan योजना की 25वीं किस्त कब आएगी, क्या है लेटेस्ट अपडेट?

बीज के रंग और आकार पर दें ध्यान

बीज खरीदते समय उसके रंग, आकार और बनावट को भी देखना चाहिए. अगर एक ही पैकेट में बीजों का आकार बहुत अलग-अलग है, उनमें कचरा, मिट्टी या दूसरे बीज मिले हुए हैं, तो सावधान हो जाएं. बीज में नमी, फफूंद या बदबू भी नहीं होनी चाहिए. हालांकि, सिर्फ रंग या आकार देखकर यह तय नहीं किया जा सकता कि बीज नकली है या असली. इसके लिए पैकेट और दूसरी जरूरी जानकारी की जांच करना भी जरूरी है.

हमेशा पक्का बिल लेकर ही खरीदें बीज

  • किसान कोशिश करें कि बीज किसी भरोसेमंद दुकान या अधिकृत विक्रेता से ही खरीदें.
  • बीज खरीदने के बाद दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें.
  • बिल में बीज का नाम, किस्म, मात्रा और कीमत जैसी जानकारी होनी चाहिए.
  • इससे बाद में बीज खराब निकलने पर शिकायत करने में आसानी होती है.

शक होने पर कहां करें शिकायत?

अगर बीज की क्वालिटी पर शक है या बुवाई के बाद बीज ठीक से नहीं उग रहे हैं, तो पैकेट, टैग और खरीद का बिल संभालकर रखें. खेत की तस्वीरें भी ले लें. इसके बाद अपने इलाके के कृषि विभाग या बीज निरीक्षक से संपर्क करें. जरूरत पड़ने पर बीज की जांच कराई जा सकती है. ध्यान रखें कि केवल ऊपर से देखने पर नकली बीज की पक्की पहचान करना हमेशा संभव नहीं होता. इसलिए खरीदारी के समय सावधानी बरतना ही सबसे जरूरी है.

यह भी पढ़ें: एक एकड़ में कितने किलो गेहूं का बीज लगेगा? जानें सही हिसाब

Topics & Tags:#Agriculture
Fake Seeds Identification: फसल बुवाई के लिए कहीं नकली बीज तो नहीं ले आए? ऐसे करें पहचान | Kisan Reporter