Agriculture

Greenhouse Farming: ग्रीन हाउस बनाने पर सरकार दे रही 50% सब्सिडी, जानें कैसे मिलेगा फायदा

N
ABP News
November 23, 2026•3 min read
Greenhouse Farming: ग्रीन हाउस बनाने पर सरकार दे रही 50% सब्सिडी, जानें कैसे मिलेगा फायदा

Greenhouse Subsidy UP: उत्तर प्रदेश के किसान अब खेती के पुराने तरीकों के साथ नई तकनीक अपनाकर भी मोटी कमाई कर सकते हैं. इसके लिए राज्य सरकार किसानों को ग्रीन हाउस और शेड नेट हाउस लगाने के लिए 50 फीसदी तक सब्सिडी दे रही है. इस योजना की मदद से किसान कम खर्च में आधुनिक तरीके से सब्जियों और फूलों की खेती शुरू कर सकते हैं.

एक किसान को अधिकतम 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में ग्रीन हाउस या शेड नेट हाउस लगाने के लिए अनुदान मिल सकता है. इसमें किसान टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा और बैंगन जैसी सब्जियों के अलावा गुलाब, जरबेरा और लिली जैसे महंगे फूल भी उगा सकते हैं.

ग्रीन हाउस और शेड नेट हाउस पर 50% सब्सिडी

उत्तर प्रदेश का उद्यान विभाग संरक्षित खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आर्थिक मदद दे रहा है. इसके तहत ग्रीन हाउस और शेड नेट हाउस बनाने में आने वाली कुल इकाई लागत का 50 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है. यानी अगर किसान इन ढांचों को तैयार करने में पैसा लगाते हैं, तो आधा खर्च सरकार की ओर से सब्सिडी के रूप में मिल सकता है.

ग्रीन हाउस में उगा सकते हैं ये सब्जियां और फूल

ग्रीन हाउस और शेड नेट हाउस में किसान कई तरह की फसलें उगा सकते हैं. इनमें टमाटर, शिमला मिर्च, खीरा और बैंगन जैसी सब्जियां शामिल हैं. वहीं, फूलों की खेती करने वाले किसान गुलाब, जरबेरा, लिली और कार्नेशन उगा सकते हैं. इस तकनीक का फायदा यह है कि किसान बाजार में मांग के हिसाब से फसल तैयार कर सकते हैं. इतना ही नहीं, इसकी मदद से किसानों को बेमौसमी सब्जियां और फूल उगाकर भी अच्छी कीमत पाने का मौका मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: खेती के साथ शुरू करें मधुमक्खी पालन, सरकार दे रही 1.28 लाख की सब्सिडी

संरक्षित खेती से किसानों को क्या फायदा होगा?

खुले खेत में खेती करने पर फसलों को तेज धूप, भारी बारिश और बदलते मौसम का सामना करना पड़ता है. कई बार इसका सीधा असर पैदावार और फसल की क्वालिटी पर पड़ता है. लेकिन ग्रीन हाउस और शेड नेट हाउस में फसलों को बाहर के मौसम के असर से काफी हद तक बचाया जा सकता है.

इसमें फसलों की देखभाल करना भी आसान होता है. पानी का सही इस्तेमाल करने और कीटों के असर को कम करने में मदद मिलती है. इससे अच्छी क्वालिटी की सब्जियां और फूल तैयार किए जा सकते हैं.

सब्सिडी के लिए कहां करें आवेदन?

ग्रीन हाउस या शेड नेट हाउस लगाने के इच्छुक किसानों को अपने जिले के जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क करना होगा. वहां से योजना की पात्रता, आवेदन का तरीका, जरूरी दस्तावेज और सब्सिडी से जुड़ी शर्तों की जानकारी मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: धान बेचने वाले किसानों के लिए खुशखबरी, खाते में आएंगे 13,839 रुपये!

Topics & Tags:#Agriculture
Greenhouse Farming: ग्रीन हाउस बनाने पर सरकार दे रही 50% सब्सिडी, जानें कैसे मिलेगा फायदा | Kisan Reporter