High Milk Producing Cows: गांवों में खेती के साथ गाय पालना किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है. दूध बेचकर हर महीने आमदनी हो सकती है, लेकिन इसके लिए गाय की सही नस्ल चुनना सबसे जरूरी है. कई बार किसान ज्यादा दूध देने वाली गाय समझकर महंगे दाम पर पशु खरीद लेते हैं, लेकिन बाद में दूध उम्मीद से कम निकलता है.
ऐसे में पशुपालकों के मन में ये सवाल उठता है कि आखिर गिर, साहीवाल और थारपारकर में से कौन सी गाय सबसे ज्यादा दूध देती है? आइए जानते हैं इन देसी नस्लों की खासियत और दूध देने की क्षमता.
साहीवाल गाय रोजाना कितना दूध देती है?
साहीवाल भारत की जानी-मानी देशी गायों में शामिल है. इसका रंग आमतौर पर लाल या भूरा होता है. यह गाय शांत स्वभाव की होती है और अच्छी देखभाल मिलने पर बढ़िया दूध दे सकती है. साहीवाल गाय रोजाना करीब 8 से 15 लीटर दूध दे सकती है. हालांकि, दूध की मात्रा गाय की उम्र, खानपान और देखभाल पर निर्भर करती है.
थारपारकर गाय की क्या है खासियत?
थारपारकर गाय मुख्य रूप से राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से जुड़ी नस्ल है. यह गर्मी और सूखे मौसम में खुद को ढाल सकती है. अच्छी देखभाल में थारपारकर गाय रोजाना करीब 10 से 18 लीटर दूध दे सकती है. हालांकि, हर गाय से इतना दूध मिलना जरूरी नहीं है.
यह भी पढ़ें: देसी मुर्गी पालन से होगी तगड़ी कमाई! बस इन 6 बातों का रखें ध्यान
गिर गाय कितना दूध देती है?
गिर गाय अपनी खास बनावट के कारण आसानी से पहचानी जाती है. इसके कान लंबे और मुड़े हुए होते हैं, जबकि माथा उभरा हुआ दिखाई देता है. गिर गाय रोजाना करीब 10 से 15 लीटर दूध दे सकती है. अच्छी नस्ल, संतुलित आहार और सही देखभाल मिलने पर कुछ गायों का उत्पादन इससे ज्यादा भी हो सकता है.
आखिर कौन सी गाय देती है सबसे ज्यादा दूध?
उत्पादन की सीमाओं को देखें, तो थारपारकर गाय लगभग 18 लीटर दूध देती है. वहीं, साहीवाल और गिर का दूध उत्पादन 15 लीटर है. लेकिन इससे यह तय नहीं होता कि हर थारपारकर गाय सबसे ज्यादा दूध देगी. असली उत्पादन पशु की क्षमता और देखभाल पर निर्भर करता है. इसके साथ ही पशु की देखभाल भी जरूरी होती है.
गाय खरीदने से पहले क्या देखें?
पशुपालन शुरू करने से पहले प्रशिक्षण लेना फायदेमंद है. गाय खरीदते समय उसका स्वास्थ्य, पिछला दूध उत्पादन और ब्याने की जानकारी जरूर लें. साथ ही हरा चारा, सूखा चारा, संतुलित दाना और साफ पानी दें. इससे दूध उत्पादन बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: पशुपालन में 70 फीसदी खर्च चारे-दाने पर? इन 5 तरीकों से बचाएं पैसे
