Pashudhan Mission UP: उत्तर प्रदेश में पशपालको के लिए बड़ी खुशखबरी है. प्रदेश सरकार ने पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए राज्य पशुधन मिशन को मंजूरी दे दी है. इसके तहत किसानों को अच्छी नस्ल की गाय पालने पर आर्थिक मदद दी जाएगी. वहीं, गांव के जरूरतमंद परिवारों को मुर्गी पालन शुरू करने के लिए मुफ्त चूजे भी मिलेंगे.
सरकार का मकसद पशुपालकों की कमाई बढ़ाने के साथ गांवों में रोजगार के नए मौके तैयार करना है. राज्य के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के मुताबिक, उत्तर प्रदेश देश में दूध उत्पादन के मामले में पहले स्थान पर है. ऐसे में अब सरकार अच्छी नस्ल के पशुओं को बढ़ावा देकर दूध उत्पादन और बढ़ाना चाहती है.
एक गाय पर मिलेंगे 40 हजार रुपये
इस मिशन के तहत साहीवाल, हरियाणवी और दूसरी उन्नत देसी नस्लों की गायों के पालन को बढ़ावा दिया जाएगा. सरकार के अनुसार, पात्र पशुपालकों को एक गाय के लिए 40 हजार रुपये और दो गायों के लिए 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा. इससे किसानों को पशुपालन शुरू करने या अपना कारोबार बढ़ाने में आर्थिक मदद मिल सकेगी.
जरूरतमंद परिवारों को मिलेंगे 100 मुफ्त चूजे
इस मिशन में केवल गाय पालन ही नहीं, बल्कि बकरी, भेड़, सुअर और मुर्गी पालन को भी शामिल किया गया है. सरकार गांव के जरूरतमंद परिवारों को 100-100 चूजे मुफ्त उपलब्ध कराएगी. इससे ऐसे परिवारों को मदद मिल सकती है, जो कम खर्च में मुर्गी पालन शुरू करना चाहते हैं. मुर्गियां बड़ी होने पर अंडे या मुर्गे बेचकर अतिरिक्त कमाई की जा सकती है. हालांकि, इसके लिए चारा, साफ-सफाई और बीमारी से बचाव का ध्यान रखना होगा.
यह भी पढ़ें: क्या है कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, जानें कैसे करें आवेदन?
पांच हिस्सों में चलेगा राज्य पशुधन मिशन
सरकार ने इस मिशन को पांच हिस्सों में बांटा है. इनमें,
- पशुपालन से जुड़े नए कारोबार शुरू कराना
- अच्छी नस्ल के पशु तैयार करना
- नई तकनीक का इस्तेमाल
- चारे की व्यवस्था सुधारना
- और पशुपालन से जुड़ी रिसर्च को बढ़ावा देना शामिल है.
इसके अलावा पशुपालकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन के बेहतर तरीके सीख सकें.
सीधे बैंक खाते में आएगी सब्सिडी
राज्य पशुधन मिशन का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी. योजना के तहत आवेदन की जांच होगी और तय शर्तें पूरी करने वाले पशुपालकों को अनुदान दिया जाएगा. सरकार के मुताबिक, मंजूरी मिलने के बाद सब्सिडी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. हालांकि, आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी जारी होने पर ही किसान आवेदन कर सकेंगे.
यह भी पढ़ें: गिर, साहीवाल या थारपारकर, कौन सी गाय देती है सबसे ज्यादा दूध?
