Agriculture

कैसे शुरू कर सकते हैं नर्सरी बिजनेस, जान लें पूरा प्रॉसेस

N
ABP News
October 18, 2026•3 min read
कैसे शुरू कर सकते हैं नर्सरी बिजनेस, जान लें पूरा प्रॉसेस

आजकल लोगों के बीच घर, बालकनी, ऑफिस और गार्डन को हरा-भरा रखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. घरों की सजावट में इंडोर प्लांट्स से लेकर फूलदार और सजावटी पौधों तक की मांग बढ़ी है. ऐसे में नर्सरी बिजनेस करना आपके लिए कमाई का एक शानदार विकल्प बन सकता है. केवल स्थानीय ग्राहक ही नहीं इस बिजनेस में आप लैंडस्केपिंग कंपनियों, ऑफिस और गार्डनिंग से जुड़े ग्राहकों को भी पौधे सप्लाई कर के मुनाफा कमा सकते हैं.

नर्सरी बिजनेस की खास बात यह है कि इसे छोटे स्तर से शुरू करके धीरे-धीरे बड़ा किया जा सकता है. शुरुआत में सीमित किस्म के पौधे रखकर बाजार की मांग को समझना और बिक्री बढ़ने पर पौधों की वैरायटी बढ़ाना बेहतर होता है. हालांकि, इस बिजनेस में केवल पौधे खरीदकर बेच देना ही पर्याप्त नहीं होता. इसके लिए सही जगह, पौधों की गुणवत्ता, पानी और देखभाल की जरूरत भी होती है.

तय करें किस तरह की नर्सरी खोलनी है

नर्सरी शुरू करने से पहले यह तय करना जरूरी है कि आपका फोकस किस तरह के पौधों पर होगा. अगर आपके ग्राहक घरों में पौधे लगाने वाले हैं तो इंडोर और डेकोरेटिव प्लांट्स पर ध्यान देना बेहतर होगा. वहीं, अगर आपका फोकस किसानों और बागवानों पर है तो इसके लिए फलदार पौधे, सब्जियों की पौध और कृषि से जुड़े पौधे रखना ज्यादा फायदेमंद होगा. शुरुआत में ही प्लान करने से निवेश करते वक्त अधिक खर्च से आप बच सकते हैं.

यह भी पढ़ें: पराली जलाए बिना कैसे तैयार करें खेत, किसानों के पास क्या-क्या विकल्प

नर्सरी के लिए सही जगह का चुनाव

इस बिजनेस में जगह का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है. ऐसी जगह चुनना बेहतर रहती है जहां लोगों की आवाजाही हो और पौधों के लिए पर्याप्त धूप, पानी और हवा की व्यवस्था की जा सके. सड़क किनारे या बाजार के नजदीक जगह होने से ग्राहक आसानी से पहुंच सकते हैं. नर्सरी बिजनेस में निवेश आपके बिजनेस के आकार पर निर्भर करता है. अगर आप छोटी नर्सरी सीमित पौधों के साथ शुरू करना चाहते हैं तो इसके लिए कम खर्च हो सकता है. जबकि बड़े स्तर पर शेड, सिंचाई व्यवस्था, ग्रीनहाउस, गमले और स्टोरेज जैसी सुविधाओं पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.

बिजनेस शुरु करने से पहले रजिस्ट्रेशन करवाएं

स्वस्थ पौधे और बीजों की अच्छी गुणवत्ता इस बिजनेस के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है. स्थानीय थोक नर्सरी, कृषि संस्थानों या भरोसेमंद सप्लायर से पौधे खरीदना बेहतर होगा. नर्सरी बिजनेस शुरु करने से पहले अपने राज्य के बागवानी/उद्यान विभाग से नर्सरी का लाइसेंस लेना जरूरी होता है. यदि आप बड़े स्तर पर बिजनेस करते हैं या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पौधे बेचना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको जीएसटी रजिस्ट्रेशन की जानकारी लेना भी जरूरी है.

यह भी पढ़ें: देश के कई हिस्सों में सूखे जैसे हालात, ऐसे में क्या उगाएं किसान?

Topics & Tags:#Agriculture
कैसे शुरू कर सकते हैं नर्सरी बिजनेस, जान लें पूरा प्रॉसेस | Kisan Reporter