Agriculture

KCC Loan: क्या KCC से पशुपालन और मछली पालन के लिए भी मिलता है कर्ज, जानें नियम

N
ABP News
November 13, 2026•3 min read
KCC Loan: क्या KCC से पशुपालन और मछली पालन के लिए भी मिलता है कर्ज, जानें नियम

Kisan Credit Card: खेती-किसानी के साथ अब बहुत से किसान पशुपालन और मछली पालन जैसे काम भी कर रहे हैं. कोई गाय-भैंस पालकर दूध बेचता है तो कोई मुर्गी पालन या मछली पालन से कमाई करता है. लेकिन इन कामों को चलाने के लिए भी समय-समय पर पैसों की जरूरत पड़ती है. पशुओं के लिए चारा खरीदना हो, मछलियों के लिए दाना लेना हो या तालाब की देखभाल करनी हो, इन सब पर खर्च आता है.

ऐसे किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड यानी KCC के तहत कर्ज लेने की सुविधा है. जी हां, पशुपालन और मछली पालन के लिए भी आप केसीसी लोन ले सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए किसान के पास खेती की जमीन होना ही एकमात्र शर्त नहीं है.

पशुपालन के लिए किन कामों पर मिलता है कर्ज?

KCC के तहत पशुपालक गाय-भैंस जैसे दूध देने वाले पशुओं के पालन के लिए कर्ज ले सकते हैं. इसके अलावा बकरी पालन, भेड़ पालन, सूअर पालन और मुर्गी पालन करने वाले लोग भी इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं. इस पैसे का इस्तेमाल पशुओं के लिए चारा, दाना, दवाइयां और दूसरी जरूरी चीजें खरीदने में किया जा सकता है.

मछली पालन करने वालों को भी फायदा

मछली पालन करने वाले किसान भी KCC के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके तहत मछली के बीज, दाना, खाद, तालाब की देखभाल, मजदूरी, बिजली और मछली पकड़ने या बाजार तक पहुंचाने जैसे खर्चों के लिए कर्ज मिल सकता है. तालाब या मछली पालन से जुड़ी दूसरी जगह खुद की हो या पट्टे पर ली गई हो, दोनों तरह के लोग पात्र हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: मछली पालकों को मिलेंगे 50 हजार रुपये, मछुआरों के लिए भी बड़ा ऐलान

कितना मिल सकता है कर्ज?

साल 2025-26 में सरकार ने KCC के तहत मछली पालन और इससे जुड़े कामों के लिए कर्ज की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये तक करने की घोषणा की थी. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर आवेदक को इतनी रकम मिल जाएगी. बैंक पशुओं की संख्या, मछली पालन का क्षेत्र, काम का खर्च और किसान की जरूरत देखकर कर्ज की सीमा तय करता है.

ब्याज में छूट के नियम भी समझना जरूरी है. पशुपालन या मछली पालन जैसे कामों के लिए अलग से कर्ज लेने पर ब्याज में सरकारी मदद की सीमा 2 लाख रुपये तक है. समय पर कर्ज चुकाने पर अतिरिक्त छूट का फायदा भी मिल सकता है. इसलिए आवेदन करते समय बैंक से लागू ब्याज दर और छूट की जानकारी जरूर लें.

कैसे करें KCC के लिए आवेदन?

पशुपालन और मछली पालन के लिए KCC बनवाने के लिए नजदीकी बैंक शाखा में संपर्क किया जा सकता है. वहां से आवेदन फॉर्म लेकर जरूरी जानकारी भरनी होगी. आमतौर पर आधार कार्ड, पहचान पत्र, बैंक खाते की जानकारी, फोटो और काम से जुड़े दस्तावेज मांगे जाते हैं. मछली पालन करने वालों को तालाब या दूसरी संबंधित संपत्ति के मालिकाना हक, पट्टे या जरूरी अनुमति का प्रमाण देना पड़ सकता है.

आवेदन मिलने के बाद बैंक दस्तावेजों और काम की जरूरत की जांच करता है. मंजूरी मिलने पर कर्ज की सीमा तय की जाती है. किसान को ध्यान रखना चाहिए कि KCC का पैसा उसी काम से जुड़े खर्चों में इस्तेमाल करें, जिसके लिए कर्ज लिया गया है. समय पर भुगतान करने से ब्याज में छूट का फायदा मिल सकता है और आगे भी बैंक से कर्ज लेने में आसानी रहती है.

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में आपदा मुआवजे में बड़ा बदलाव, अब दोगुनी मिलेगी आर्थिक मदद

Topics & Tags:#Agriculture
KCC Loan: क्या KCC से पशुपालन और मछली पालन के लिए भी मिलता है कर्ज, जानें नियम | Kisan Reporter