Agriculture

Potato Blight Disease: आलू की फसल में झुलसा रोग का खतरा, किसान ऐसे बचाएं उत्पादन

N
ABP News
November 24, 2026•3 min read
Potato Blight Disease: आलू की फसल में झुलसा रोग का खतरा, किसान ऐसे बचाएं उत्पादन

Potato Crop Blight: आलू की खेती करने वाले किसानों के लिए इस समय फसल की देखभाल करना बहुत जरूरी है. मौसम में ठंड बढ़ने, ओस गिरने और खेतों में नमी रहने से आलू की फसल में झुलसा रोग का खतरा बढ़ जाता है. यह बीमारी तेजी से फैलती है और समय पर ध्यान नहीं दिया गया तो कुछ ही दिनों में पूरी फसल को नुकसान पहुंचा सकती है. इसका असर आलू के आकार और पैदावार दोनों पर पड़ता है.

झुलसा रोग लगने पर पौधों की पत्तियां सूखने लगती हैं और धीरे-धीरे पौधा कमजोर हो जाता है. ऐसे में किसानों को शुरुआत से ही खेत पर नजर रखनी चाहिए. ऐसे में आइए जानते हैं कि आलू में झुलसा रोग की पहचान कैसे करें और फसल को इससे कैसे बचाएं.

आलू में झुलसा रोग कैसे पहचानें?

आलू की फसल में मुख्य रूप से दो तरह का झुलसा रोग लगता है. पहला अगेती झुलसा और दूसरा पछेती झुलसा. दोनों के लक्षण अलग-अलग होते हैं. अगेती झुलसा में पौधों की निचली और पुरानी पत्तियों पर भूरे रंग के गोल धब्बे दिखाई देते हैं. इन धब्बों में गोल-गोल छल्ले भी नजर आ सकते हैं. धीरे-धीरे पत्तियां पीली पड़कर सूखने लगती हैं.

वहीं, पछेती झुलसा ज्यादा तेजी से फैलने वाला रोग है. इसमें पत्तियों के किनारों पर पानी से भीगे हुए जैसे काले या भूरे धब्बे बनने लगते हैं. नमी वाले मौसम में पत्तियों की निचली सतह पर सफेद फफूंद भी दिखाई दे सकती है. धीरे-धीरे पत्तियां और तने झुलसने लगते हैं. अगर बीमारी कंद तक पहुंच जाए तो आलू की गुणवत्ता भी खराब हो सकती है.

झुलसा रोग से फसल को कैसे बचाएं?

किसानों को आलू की फसल में झुलसा रोग से बचाव के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

  • हमेशा स्वस्थ और प्रमाणित बीज आलू का इस्तेमाल करें. इससे शुरुआत में ही बीमारी का खतरा कम रहता है.
  • खेत में पानी जमा न होने दें. इसके लिए पानी निकलने की सही व्यवस्था रखें.
  • जरूरत से ज्यादा सिंचाई करने से बचें. लगातार नमी रहने से रोग फैलने का खतरा बढ़ सकता है.
  • खेत में रोग के लक्षण दिखने पर प्रभावित पत्तियों और पौधों पर नजर रखें. ज्यादा संक्रमित हिस्सों को खेत से हटाकर नष्ट करें.
  • फसल में संतुलित खाद का इस्तेमाल करें और खेत की नियमित निगरानी करते रहें.

यह भी पढ़ें: एग्रीकल्चर पास युवाओं को 4.5 लाख का लोन, ऐसे करें आवेदन

बीमारी दिखने पर किस दवा का करें छिड़काव?

अगर फसल में झुलसा रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई दें तो कृषि विशेषज्ञ की सलाह लेकर सही दवा का छिड़काव करें. बचाव के लिए मैंकोजेब 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, पछेती झुलसा के लक्षण दिखाई देने पर साइमोक्सानिल और मैंकोजेब के मिश्रण जैसी दवाओं की सलाह दी जाती है. दवा की मात्रा फसल की स्थिति और उसके प्रकार के हिसाब से तय होनी चाहिए. इसलिए पैकेट पर लिखे निर्देशों और कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही छिड़काव करें.

छिड़काव करते समय इन बातों का रखें ध्यान

दवा का छिड़काव करते समय मौसम का ध्यान रखना भी जरूरी है. बारिश, तेज हवा या घने कोहरे के दौरान छिड़काव करने से बचें. पत्तियों के ऊपर और नीचे दोनों तरफ दवा अच्छी तरह पहुंचनी चाहिए. अगर मौसम में नमी बनी हुई है तो खेत की निगरानी लगातार करें. जरूरत पड़ने पर कृषि विशेषज्ञ की सलाह से दोबारा छिड़काव करें. एक ही दवा का बार-बार इस्तेमाल करने से बचें और दवाओं को मिलाने से पहले उनकी जानकारी जरूर लें.

यह भी पढ़ें: फसल खरीद व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब AgriStack पर करना होगा रजिस्ट्रेशन

Topics & Tags:#Agriculture
Potato Blight Disease: आलू की फसल में झुलसा रोग का खतरा, किसान ऐसे बचाएं उत्पादन | Kisan Reporter