Agriculture

Rabi Crops: खेत में पानी है कम, जानें रबी सीजन में कौन सी फसलें देंगी मुनाफा

N
ABP News
November 22, 2026•3 min read
Rabi Crops: खेत में पानी है कम, जानें रबी सीजन में कौन सी फसलें देंगी मुनाफा

Drought Resistant Crops: किसान इस समय रबी सीजन की बुवाई की तैयारी कर रहे हैं. ऐसे में जिन किसानों के खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं है, उनके सामने फसल चुनने की बड़ी चुनौती है. खासकर जिन इलाकों में बारिश कम हुई है या भूजल का स्तर नीचे चला गया है, वहां किसानों को ऐसी फसलों की जरूरत है, जिनमें कम पानी लगे और अच्छी पैदावार भी मिल सके.

अच्छी बात यह है कि रबी के मौसम में कई ऐसी फसलें हैं, जिन्हें कम सिंचाई में भी उगाया जा सकता है. किसान गेहूं के बजाय इन फसलों को चुनकर अपनी लागत घटा सकते हैं और कमाई का अच्छा मौका भी पा सकते हैं.

चने की खेती से हो सकती है अच्छी कमाई

कम पानी वाले खेतों के लिए चने की खेती अच्छा विकल्प हो सकती है. चने की फसल को गेहूं के मुकाबले कम सिंचाई की जरूरत पड़ती है. इसकी जड़ें जमीन में गहराई तक जाती हैं और मिट्टी से नमी खींच लेती हैं. यही वजह है कि यह कम पानी में भी अच्छी तरह बढ़ सकता है. किसान अपने इलाके और मिट्टी के हिसाब से चने की सही किस्म चुन सकते हैं. हालांकि, फूल आने और दाना बनने के समय खेत में नमी बनाए रखना जरूरी है.

सरसों की खेती से मिलेगा तेल का फायदा

रबी सीजन में सरसों भी कम पानी में उगाई जाने वाली प्रमुख फसलों में शामिल है. इसकी खेती के लिए बहुत ज्यादा सिंचाई की जरूरत नहीं होती. जिन किसानों के पास पानी की कमी है, वे सरसों की खेती पर दांव लगा सकते हैं. इसकी मांग तेल बनाने वाली कंपनियों के साथ बाजार में भी रहती है. सही समय पर बुवाई और खेत में जरूरत के हिसाब से सिंचाई करने से अच्छी पैदावार मिल सकती है.

मसूर की खेती भी है अच्छा विकल्प

मसूर की फसल कम पानी और हल्की नमी वाली जमीन में भी अच्छी तरह उग सकती है. इसे बार-बार सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ती. जिन खेतों में पानी की सुविधा कम है, वहां किसान मसूर की खेती कर सकते हैं. इसके अलावा दलहनी फसल होने के कारण यह मिट्टी की सेहत के लिए भी फायदेमंद है. इसकी जड़ों में मौजूद गांठें मिट्टी में नाइट्रोजन बढ़ाने में मदद करती हैं.

यह भी पढ़ें: कैसे करें रजनीगंधा की खेती? जानें सही समय, तरीका और कमाई

जौ की खेती से घटेगी सिंचाई की जरूरत

जिन किसानों के खेतों में पानी की कमी है, उनके लिए जौ की खेती भी एक विकल्प हो सकती है. जौ को गेहूं की तुलना में कम पानी की जरूरत होती है. इसकी खेती कम उपजाऊ जमीन में भी की जा सकती है. इसका इस्तेमाल खाने के साथ पशुओं के चारे और दूसरे उत्पाद बनाने में भी होता है.

मटर की खेती से भी हो सकती है कमाई

रबी सीजन में मटर की खेती भी किसानों के लिए फायदेमंद हो सकती है. हालांकि, इसे चने और मसूर के मुकाबले थोड़ी ज्यादा नमी की जरूरत पड़ती है. इसलिए कम पानी वाले खेतों में इसकी खेती करने से पहले मिट्टी और सिंचाई की सुविधा जरूर देख लें.

यह भी पढ़ें: नील गाय ने कर दिया फसल का नुकसान, क्या किसानों को मिल सकता है मुआवजा?

Topics & Tags:#Agriculture
Rabi Crops: खेत में पानी है कम, जानें रबी सीजन में कौन सी फसलें देंगी मुनाफा | Kisan Reporter