Agriculture

Sheep Breeding: भेड़ों को सिर्फ चराने से नहीं बढ़ेगा उत्पादन, अपनाएं ये तरीके

N
ABP News
November 16, 2026•3 min read
Sheep Breeding: भेड़ों को सिर्फ चराने से नहीं बढ़ेगा उत्पादन, अपनाएं ये तरीके

Sheep Rearing Tips: गांवों में भेड़पालन किसानों और पशुपालकों के लिए कमाई का एक अच्छा जरिया बन सकता है. इससे मांस और ऊन के जरिए आमदनी होती है. लेकिन कई बार सही देखभाल और खानपान की कमी के कारण भेड़ों का पूरा विकास नहीं हो पाता. ज्यादातर पशुपालक भेड़ों को खुले मैदान में चरने के लिए छोड़ देते हैं और उन्हें अलग से चारा या दाना नहीं देते. इससे उनकी सेहत और प्रजनन क्षमता पर असर पड़ सकता है.

भेड़पालन में अच्छी नस्ल के स्वस्थ मेंढे का चुनाव सबसे जरूरी है. आमतौर पर 30 वयस्क मादा भेड़ों के लिए एक मेंढा रखना सही रहता है. मेंढे की उम्र करीब 2 से 3 साल होनी चाहिए. साथ ही, वह पूरी तरह स्वस्थ हो और उसे प्रजनन से जुड़ी कोई बीमारी न हो. मेंढे को रोजाना हरे चारे के साथ 250 से 300 ग्राम दाना मिश्रण देना चाहिए. इसके अलावा, उसके खाने में नमक और मिनरल मिक्सचर भी शामिल करें.

मादा भेड़ों को दें पौष्टिक आहार

मादा भेड़ें आमतौर पर डेढ़ से दो साल की उम्र में बच्चे देने के लायक हो जाती हैं. इस समय उन्हें खास देखभाल और अच्छे खानपान की जरूरत होती है. केवल चराई के भरोसे न रहें, बल्कि उन्हें हरा चारा और दाना मिश्रण भी दें. इससे उनका शरीर मजबूत रहता है और प्रजनन क्षमता बेहतर होती है. प्रजनन के समय पौष्टिक आहार देने से भेड़ की सेहत अच्छी रहती है और कुछ मामलों में जुड़वां मेमने होने की संभावना भी बढ़ सकती है.

समय पर टीकाकरण और दवा दें

भेड़ों को बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण करवाना जरूरी है. प्रजनन से पहले पशु चिकित्सक की सलाह से पेट के कीड़े खत्म करने वाली दवा भी दें. इससे भेड़ों की सेहत अच्छी रहती है और वे कमजोर होने से बचती हैं. किसी भेड़ में बीमारी के लक्षण दिखें तो उसे बाकी भेड़ों से अलग रखें और डॉक्टर को दिखाएं.

यह भी पढ़ें: प्राकृतिक अदरक का MSP बढ़ा, अब किसानों को मिलेंगे इतने रुपये

रहने के लिए बनाएं हवादार बाड़ा

भेड़ों के रहने की जगह साफ, सुरक्षित और हवादार होनी चाहिए. बाड़े का करीब एक-तिहाई हिस्सा छत से ढका और दो-तिहाई हिस्सा खुला रखा जा सकता है. इससे उन्हें धूप और ताजी हवा मिलती है. साथ ही, बारिश, तेज गर्मी और ठंड से बचने के लिए छत वाला हिस्सा भी मौजूद रहता है. बाड़े में गंदगी और नमी जमा न होने दें.

चारे के साथ साफ पानी भी दें

भेड़ों को हरे चारे के अलावा जौ, मक्का, चना और ग्वार का दाना दिया जा सकता है. मूंगफली का भूसा, रिजका की कुट्टी और पौष्टिक पेड़ों की पत्तियां भी उनके आहार में शामिल कर सकते हैं. शरीर में जरूरी खनिजों की कमी न हो, इसके लिए नमक और मिनरल मिक्सचर दें. इसके साथ ही, दिन में 3 से 4 बार साफ और ताजा पानी जरूर पिलाएं.

यह भी पढ़ें: हजारों रुपये लीटर बिकता है गधी का दूध? समझें इस बिजनेस का पूरा गणित

Topics & Tags:#Agriculture
Sheep Breeding: भेड़ों को सिर्फ चराने से नहीं बढ़ेगा उत्पादन, अपनाएं ये तरीके | Kisan Reporter