Best Sugarcane Varieties: गन्ने की खेती में अच्छी पैदावार के लिए सिर्फ खाद, पानी और मेहनत ही काफी नहीं है, बल्कि सही किस्म के बीज का चुनाव करना भी बहुत जरूरी है. कई बार किसान जानकारी के अभाव में ऐसी प्रजाति लगा देते हैं, जो उनके इलाके की मिट्टी और मौसम के अनुकूल नहीं होती. इसका असर सीधे फसल पर पड़ता है.
गन्ने में कीट और रोग लगने का खतरा बढ़ जाता है. यहां तक कि अच्छी किस्म का गन्ना भी ठीक से मोटा नहीं हो पाता और समय से पहले सूखने लगता है. इसलिए किसानों को बुवाई से पहले अपने जिले के लिए स्वीकृत गन्ने की किस्मों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.
अलग-अलग किस्मों को मिलाकर बोना भी नुकसानदायक
गन्ने की खेती में एक समस्या यह भी सामने आ रही है कि किसान अलग-अलग प्रजातियों को मिलाकर बुवाई कर देते हैं. इससे फसल की बढ़वार और उसकी गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है. गन्ना आयुक्त और उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद की ओर से अलग-अलग जिलों के लिए स्वीकृत किस्मों की जानकारी जारी की गई है. किसानों को इन्हीं में से अपने खेत के हिसाब से प्रजाति चुननी चाहिए.
जल्दी तैयार होने वाली गन्ने की किस्में
जो किसान कम समय में गन्ने की फसल तैयार करना चाहते हैं, वे अपने जिले के लिए स्वीकृत जल्दी पकने वाली किस्मों का चुनाव कर सकते हैं. इनमें को.शा. 23232, 13235, 17231, 18231, 19231, 8272, 13231, 88230 और 8432 शामिल हैं.
इसके अलावा को.से. 17451, 95422, 03234, 01421, को.लख. 21201, 14201, 94184, 12207, 15466 और 16466 भी प्रमुख किस्में हैं. किसान यू.पी. 9453, यू.पी. 05125, को.पी. 17437, 11438 और को. 0118, 98014 व 0238 के बारे में भी जानकारी ले सकते हैं.
इसके अलावा नई किस्म को.शा. 23232 की पैदावार क्षमता करीब 950 क्विंटल प्रति हेक्टेयर बताई गई है. यह को.0238 से ज्यादा उत्पादन दे सकती है.
यह भी पढ़ें: गेहूं की पैदावार और चमक कैसे बढ़ाएं? जानें खाद डालने का सही समय
देर से पकने वाली किस्में
मध्यम और देर से तैयार होने वाली किस्मों में को.शा. 19235, 18232, 14233, 15233, 16233, 9232, 12232, 8276, 8279, 8432 और 767 शामिल हैं. इनके अलावा को.से. 13452, 11453, 8452, 1434, को.लख. 12209, 16470 और को. 5011 भी स्वीकृत किस्मों में शामिल हैं.
को.0238 और टिश्यू कल्चर के पौधों को लेकर सावधानी
को.0238 बीज गन्ने की सबसे ज्यादा बिकने वाली किस्म रही है, लेकिन रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए गन्ना शोध संस्थान की ओर से इसके बीज का वितरण नहीं करने की जानकारी दी गई है. ऐसे में किसान नई बुवाई के लिए स्वस्थ और रोगमुक्त किस्मों को प्राथमिकता दें.
वहीं, दूसरे राज्यों से टिश्यू कल्चर के पौधे लाने में भी सावधानी बरतनी चाहिए. गन्ना विकास सलाहकार के अनुसार, महाराष्ट्र में फैले रोग के उत्तर प्रदेश तक पहुंचने का खतरा हो सकता है. इसलिए बिना जांच और रोगमुक्त होने की पुष्टि किए बाहर से पौधे न लाएं.
यह भी पढ़ें: धान बेचने वाले किसानों के लिए खुशखबरी, खाते में आएंगे 13,839 रुपये!
