Agriculture

Tomato Growing Tip: टमाटर के पौधे में नहीं आ रहे फल, जानें वजह

N
ABP News
November 9, 2026•2 min read
Tomato Growing Tip: टमाटर के पौधे में नहीं आ रहे फल, जानें वजह

घर की छत, बालकनी या खेत में टमाटर का पौधा लगाने के बाद हर किसी को उसमें फल आने का इंतजार रहता है. कई बार पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और उसमें फूल भी आते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद फूल सूखकर गिर जाते हैं और पौधे में टमाटर नहीं लग पाते. इसकी वजह हमेशा खाद की कमी नहीं होती. कई बार मौसम, धूप, पानी और पौधे की देखभाल में छोटी-छोटी गलतियां भी फल आने में रुकावट बन जाती हैं.

ज्यादा गर्मी या ठंड से गिरने लगते हैं फूल

टमाटर के पौधे में फल नहीं आने की एक बड़ी वजह मौसम होता है. बहुत ज्यादा गर्मी या ठंड पड़ने पर फूलों में परागण ठीक से नहीं हो पाता. इससे फूल सूखकर गिरने लगते हैं और उनमें फल नहीं बनते. खासकर जब दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाता है, तो फल आने की संभावना कम होती है. ऐसे में पौधे को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां उसे पर्याप्त धूप मिले और तेज गर्मी से भी बचाया जा सके.

यह भी पढ़ें: G9 Banana Farming: केले की इस किस्म से होगी मोटी कमाई, एक पेड़ से 35 किलो तक फल!

ज्यादा खाद डालने से भी नहीं आते फल

कई बार लोग पौधे की अच्छी बढ़त के लिए बार-बार खाद डालते हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा नाइट्रोजन वाली खाद देने से पौधे में पत्तियां और शाखाएं तो तेजी से बढ़ती हैं, लेकिन फूल और फल कम आते हैं. वहीं, जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी फल बनने में रुकावट डालती है. इसलिए पौधे में जरूरत के हिसाब से संतुलित खाद डालें. बिना जानकारी के बार-बार खाद डालने से बचें.

धूप और पानी का रखें खास ध्यान

टमाटर के पौधे को अच्छी तरह बढ़ने और फल देने के लिए रोजाना करीब 6 से 8 घंटे धूप की जरूरत होती है. अगर पौधे को पर्याप्त धूप नहीं मिलती, तो उसमें फूल और फल कम आते हैं. इसके अलावा पौधे में नियमित रूप से पानी देना भी जरूरी है. मिट्टी बहुत ज्यादा सूखी या गीली रहने से पौधे को नुकसान होता है. फूल आने के बाद अगर पौधे में फल नहीं बन रहे हैं, तो उसकी टहनियों को हल्के हाथ से हिलाएं. इससे फूलों में परागण होने में मदद मिलती है. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर पौधे में फल आने की संभावना बढ़ाई जा सकती है.

यह भी पढ़ें : Mustard Farming: खाली खेत से होगी तगड़ी कमाई! धान के बाद लगाएं सरसों की ये उन्नत किस्म

Topics & Tags:#Agriculture
Tomato Growing Tip: टमाटर के पौधे में नहीं आ रहे फल, जानें वजह | Kisan Reporter