Agriculture

किसानों के लिए बड़ा ऐलान, 6% ब्याज दर पर मिलेगा 6 लाख का लोन

N
ABP News
September 23, 20264 min read
किसानों के लिए बड़ा ऐलान, 6% ब्याज दर पर मिलेगा 6 लाख का लोन

अगर आप भी खेती से जुड़े हैं और पैसों की तंगी के चलते अपने खेती को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं. तो आपके लिए बहुत ही तगड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य के किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारने और उन्हें कर्ज के जंजाल से बाहर निकालने के लिए एक बहुत बड़ा कदम उठाया है. अक्सर देखने को मिलता है कि किसान खेती में जरूरी कामों के लिए जब बैंक से लोन लेते हैं.

तो भारी-भरकम ब्याज दरों के चक्कर में उनकी कमर टूट जाती है. इस समस्या का पक्का इलाज निकालते हुए सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का ऐलान किया है, जिससे अब राज्य के लाखों-करोड़ों किसानों को बहुत ही सस्ती दरों पर लोन मुहैया कराया जाएगा. चलिए आपको बताते हैं कैसे इस योजना का फायदा लिया जा सकता है.

क्या है मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना?

उत्तर प्रदेश सरकार की इस नई योजना के तहत प्रदेश के लघु और सीमांत किसानों को खेती-किसानी और उससे जुड़े विकास कार्यों के लिए सीधे तौर पर 6 लाख रुपये तक का लोन दिया जाएगा. इस लोन पर सालाना ब्याज दर सिर्फ 6 प्रतिशत ही तय की गई है. जबकि पहले नाबार्ड या और जगहों से मिलने वाले कर्जों पर ब्याज दरें 11 से 11.5 फीसदी तक हुआ करती थीं.

यानी सीधे तौर पर कहें तो किसानों को भारी-भरकम ब्याज से बहुत बड़ी राहत मिलने जा रही है. इस लोन का मुख्य मकसद खेत में सिंचाई के साधन जुटाना, आधुनिक उपकरण खरीदना या कृषि से जुड़े दूसरे जरूरी कामों के लिए पैसों की कमी को दूर करना है. जब किसानों को इतने कम ब्याज पर मोटा पैसा मिलेगा. तो वह बिना किसी टेंशन के अपने खेती के कामों को अच्छे तरीके से मैनेज कर सकेंगे.


सरकार देगी 5% ब्याज अनुदान

अब आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि अगर बैंक इतनी कम ब्याज पर लोन दे रहे हैं. तो बाकी का खर्चा कौन उठा रहा है. तो आपको बता दें राज्य सरकार राज्य सरकार की ओर से कुल ब्याज पर करीब 5 प्रतिशत का अनुदान यानी सब्सिडी देने का फैसला किया है. यह पांच प्रतिशत की छूट उन्हीं किसानों को मिलेगी जो समय पर अपने लोन की किस्तें चुकता करेंगे और नियमों का पालन करेंगे.

इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान को उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और उसके पास खेती से जुड़े वैध कागजात व खसरा-खतौनी होनी जरूरी है. यह पूरा का पूरा लोन सिस्टम उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से संचालित किया जाएगा. जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की फालतू भागदौड़ या परेशानी का सामना न करना पड़े. समय पर पैसा चुकाने वाले किसानों के लिए यह योजना किसी वरदान से कम साबित नहीं होने वाली है.

यह भी पढ़ें: मशरूम की खेती से होगी तगड़ी कमाई, सरकार दे रही है भारी छूट

कैसे करें योजना में आवेदन?

योजना के लिए आवेदन के लिए आज यानी 23 सितंबर को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से योजना के लिए ई-पोर्टल लाॅन्च किया जाएगा. उसके जरिए योदना में आवेदन किया जा सकता है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की नजदीकी शाखा से संपर्क करके भी आवेदन किया जा सकता है.आवेदन के लिए किसानों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो, बैंक खाते की जानकारी, निवास प्रमाण और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड देने पड़ सकते हैं.


जिस कृषि काम के लिए लोन चाहिए. उसकी लागत और जरूरत बताने वाली प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी मांगी जा सकती है. बैंक आवेदक की पात्रता और दस्तावेजों की जांच करने के बाद लोन पर फैसला करेगा.आवेदन शुरू करने से पहले किसान अपनी खतौनी और दूसरे जमीन संबंधी रिकॉर्ड अपडेट करा लें. पुराने लोन का कोई बकाया है तो उसकी सही जानकारी बैंक को दें. योजना का आवेदन शुरू होने और आधिकारिक गाइडलाइन आने के बाद नजदीकी सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा से जानकारी लें.

यह भी पढ़ें: क्या होती है पॉलीहाउस खेती, इसमें कैसे मिलती है 1 करोड़ की सब्सिडी?

Topics & Tags:#Agriculture
किसानों के लिए बड़ा ऐलान, 6% ब्याज दर पर मिलेगा 6 लाख का लोन | Kisan Reporter