Agriculture

किसानों को 6 लाख तक लोन, ब्याज सिर्फ 6%! जानें कैसे मिलेगा फायदा

N
ABP News
October 26, 2026•3 min read
किसानों को 6 लाख तक लोन, ब्याज सिर्फ 6%! जानें कैसे मिलेगा फायदा

Krishak Smariddhi Yojana: खेती करने के लिए सिर्फ अच्छी जमीन और मेहनत ही काफी नहीं होती, बल्कि समय पर पैसों का इंतजाम होना भी जरूरी है. कभी किसानों को सिंचाई के लिए पैसे चाहिए होते हैं, तो कभी खेती के उपकरण खरीदने के लिए कर्ज लेना पड़ता है. लेकिन ज्यादा ब्याज पर मिलने वाला लोन उनकी परेशानी और बढ़ा देता है.

ऐसे में उत्तर प्रदेश के छोटे किसानों के लिए राहत की खबर है. राज्य में कृषक समृद्धि योजना के तहत पात्र किसानों को खेती से जुड़े कामों के लिए 6 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. खास बात यह है कि, इसकी प्रभावी ब्याज दर सिर्फ 6 फीसदी रखी गई है.

क्या है कृषक समृद्धि योजना?

उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की ओर से कृषक समृद्धि योजना चलाई जा रही है. इसका मकसद छोटे किसानों को कम ब्याज पर कर्ज उपलब्ध कराना है, ताकि वे खेती में जरूरी कामों के लिए पैसे जुटा सकें. यह योजना खासतौर पर लघु और सीमांत किसानों के लिए है. यानी ऐसे किसान, जिनके पास खेती के लिए कम जमीन है और जिन्हें खेती में निवेश करने के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ती है.

कितने रुपये तक मिलेगा लोन?

इस योजना के तहत पात्र किसानों को अधिकतम 6 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है. इसकी प्रभावी ब्याज दर 6 फीसदी तय की गई है. हालांकि, हर किसान को पूरे 6 लाख रुपये मिलेंगे, ऐसा जरूरी नहीं है. बैंक किसान की पात्रता, जमीन से जुड़े रिकॉर्ड और दूसरी शर्तों की जांच करने के बाद ही लोन की रकम तय करेगा.

यह भी पढ़ें: रबी किसानों के लिए खुशखबरी! खाद के छिड़काव पर मिलेगी 50 फीसदी सब्सिडी

किन कामों के लिए ले सकते हैं कर्ज?

किसान इस योजना के तहत खेती और उससे जुड़े कामों के लिए कर्ज ले सकते हैं. इसमें कृषि उपकरण खरीदना, सिंचाई की व्यवस्था करना और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरतें शामिल हो सकती हैं. किसी किसान को खेत में पानी पहुंचाने की व्यवस्था करनी है या खेती के लिए जरूरी उपकरण खरीदने हैं, तो वह बैंक से लोन के बारे में जानकारी ले सकता है. हालांकि, किस काम के लिए कर्ज मिलेगा, इसकी पुष्टि संबंधित शाखा से करनी होगी.

आवेदन के लिए कौन से दस्तावेज चाहिए?

योजना का फायदा लेने के लिए किसानों को कुछ जरूरी कागजात तैयार रखने होंगे. इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाते की जानकारी, जमीन की खतौनी और निवास प्रमाण पत्र शामिल हैं. इसके अलावा बैंक जरूरत के मुताबिक दूसरे दस्तावेज भी मांग सकता है.

लोन के लिए कहां करें आवेदन?

किसान अपने नजदीकी उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक की शाखा में जाकर योजना की जानकारी ले सकते हैं. वहीं से उन्हें पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, ब्याज और कर्ज चुकाने की शर्तों के बारे में बताया जाएगा. आवेदन करने से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें: PM Kisan: 24वीं किस्त की तारीख तय, लेकिन इन किसानों को लग सकता है झटका

Topics & Tags:#Agriculture
किसानों को 6 लाख तक लोन, ब्याज सिर्फ 6%! जानें कैसे मिलेगा फायदा | Kisan Reporter