Agriculture

Buffalo Milk: ज्यादा दूध देने लगेगी आपकी भैंस, अपनाएं ये नेचुरल तरीके, खर्च भी बेहद कम

N
ABP News
November 12, 2026•3 min read
Buffalo Milk: ज्यादा दूध देने लगेगी आपकी भैंस, अपनाएं ये नेचुरल तरीके, खर्च भी बेहद कम

Buffalo Milk Production: क्या आपकी भैंस भी कम दूध दे रही है या दूध की मात्रा पहले के मुकाबले घट गई है? अगर हां तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. कई बार सही देखभाल और खानपान न मिलने की वजह से भैंस की दूध देने की क्षमता प्रभावित होने लगती है. इसके लिए जरूरी नहीं कि, पशुपालक महंगे सप्लीमेंट या दवाओं पर पैसे खर्च करें.

घर पर मिलने वाला हरा चारा, संतुलित आहार, साफ पानी और कुछ छोटी-छोटी सावधानियां भी भैंस की सेहत सुधारने में मदद कर सकती हैं. हालांकि, दूध बढ़ना भैंस की नस्ल, उम्र, ब्याने के समय और सेहत पर भी निर्भर करता है.

हरा चारा जरूर खिलाएं

भैंस को रोजाना हरा चारा देना बहुत जरूरी है. इसके लिए बरसीम, जई, मक्का और नेपियर घास जैसे चारे का इस्तेमाल कर सकते हैं. हरे चारे में जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो पशु की सेहत बनाए रखने में मदद करते हैं. हरे चारे के साथ सूखा चारा भी दें, ताकि भैंस को संतुलित आहार मिल सके. केवल हरा चारा खिलाने से उसकी सभी पोषण संबंधी जरूरतें पूरी नहीं होतीं.

साफ और पर्याप्त पानी पिलाएं

दूध उत्पादन में पानी की बड़ी भूमिका होती है. अगर भैंस को पर्याप्त पानी नहीं मिलेगा, तो दूध की मात्रा घट सकती है. इसलिए उसे दिनभर साफ और ताजा पानी उपलब्ध कराएं. खासकर गर्मी के मौसम में पानी की कमी न होने दें. पानी रखने वाले बर्तन की नियमित सफाई भी करें.

घर के चारे से बनाएं संतुलित आहार

भैंस को सिर्फ भूसा खिलाने से उसकी पोषण संबंधी जरूरतें पूरी नहीं होतीं. उसके आहार में हरा चारा, सूखा चारा और जरूरत के हिसाब से दाना शामिल करें. दाने में अनाज और खली जैसे पोषक तत्वों का संतुलित मिश्रण दिया जा सकता है. दाने की मात्रा भैंस के वजन और दूध देने की क्षमता के अनुसार तय करें. इसके लिए पशु चिकित्सक या पशुपालन विशेषज्ञ की सलाह लें.

यह भी पढ़ें: डेयरी फार्म में गायों के सींग हटाना कितना सही? जानें इसके फायदे और नुकसान

मिनरल मिक्सचर देना न भूलें

भैंस को कैल्शियम, फॉस्फोरस और दूसरे जरूरी खनिजों की भी जरूरत होती है. इनकी कमी से पशु की सेहत और दूध उत्पादन प्रभावित हो सकता है. इसलिए पशु चिकित्सक की सलाह से सही मात्रा में मिनरल मिक्सचर और नमक दें. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं. बिना सलाह के किसी भी सप्लीमेंट की ज्यादा मात्रा न दें.

भैंस को साफ और आरामदायक जगह पर रखें

गंदगी और गर्मी की वजह से भैंस तनाव में आ सकती है. इससे उसकी सेहत और दूध देने की क्षमता पर असर पड़ सकता है. इसलिए रहने की जगह साफ, सूखी और हवादार रखें. गर्मी में उसे छाया दें और जरूरत के अनुसार नहलाएं. गोशाला में पानी जमा न होने दें.

दूध निकालने का समय तय रखें

भैंस का दूध रोजाना एक तय समय पर निकालें. दूध निकालने से पहले थनों और हाथों को अच्छी तरह साफ करें. भैंस के साथ मारपीट या तेज आवाज में बात करने से बचें. उसे शांत माहौल दें. अगर दूध अचानक कम हो जाए या थनों में सूजन, दर्द और बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो पशु चिकित्सक को दिखाएं.

यह भी पढ़ें: मछली पालकों को मिलेंगे 50 हजार रुपये, मछुआरों के लिए भी बड़ा ऐलान

Topics & Tags:#Agriculture
Buffalo Milk: ज्यादा दूध देने लगेगी आपकी भैंस, अपनाएं ये नेचुरल तरीके, खर्च भी बेहद कम | Kisan Reporter