Delhi Air Pollution: दिल्ली-NCR में बढ़ता प्रदूषण अभ सिर्फ आम लोगों की सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि खेतों में खड़ी फसलों के लिए भी परेशानी बन सकता है. सर्दियों में हवा में धूल, धुआं और दूसरी हानिकारक गैसों की मात्रा बढ़ जाती है. ऐसे में इसका असर पौधों की पत्तियों से लेकर उनकी बढ़त और पैदावार तक पर पड़ सकता है.
खासकर गेहूं, सरसों, सब्जियों और दूसरी रबी फसलों की खेती करने वाले किसानों को इस मौसम में थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. अगर समय रहते फसल पर ध्यान न दिया जाए, तो उसकी बढ़त धीमी हो सकती है और उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है.
पत्तियों पर जम जाती है धूल की परत
प्रदूषण के कारण हवा में मौजूद धूल और बारीक कण पौधों की पत्तियों पर जम जाते हैं. इससे पत्तियों की सतह पर एक परत बन सकती है. पौधों को अपना भोजन बनाने के लिए सूरज की रोशनी की जरूरत होती है. लेकिन जब पत्तियों पर धूल ज्यादा जम जाती है, तो उन्हें पर्याप्त रोशनी मिलने में परेशानी हो सकती है. इससे पौधों में भोजन बनाने की प्रक्रिया यानी प्रकाश संश्लेषण पर असर पड़ता है. नतीजा यह होता है कि पौधों की बढ़त धीमी हो सकती है.
जहरीली गैसें भी पहुंचाती हैं नुकसान
हवा में मौजूद ओजोन, सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी गैसें भी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ओजोन गैस पौधों की पत्तियों के अंदर जाकर उनकी कोशिकाओं को प्रभावित कर सकती है. इससे पत्तियों पर पीले या भूरे धब्बे दिख सकते हैं. कई बार पत्तियां समय से पहले सूखने लगती हैं. इसका असर पौधों की बढ़त और दाने बनने की प्रक्रिया पर भी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: पाले से फसल बचाने के लिए कब करें सिंचाई? जानें सही समय
फूल और दाने बनने पर पड़ सकता है असर
प्रदूषण का असर सिर्फ पत्तियों तक सीमित नहीं रहता. अगर फसल के फूल आने या दाने बनने के समय हवा में हानिकारक गैसों की मात्रा ज्यादा रहती है, तो पौधों का विकास प्रभावित हो सकता है. गेहूं और सरसों जैसी फसलों में इसका असर दानों और बीजों की बढ़त पर पड़ने की आशंका रहती है. हालांकि, नुकसान कितना होगा, यह प्रदूषण के स्तर, उसकी अवधि, मौसम और फसल की किस्म पर निर्भर करता है.
किसान इन बातों का रखें ध्यान
NCR के किसानों को इस मौसम में खेतों की नियमित निगरानी करनी चाहिए. पत्तियों पर धूल की मोटी परत दिखाई दे तो फसल की जरूरत और मौसम को देखते हुए हल्की सिंचाई कर सकते हैं. इससे पत्तियों पर जमी धूल कम करने में मदद मिल सकती है. हालांकि, खेत में जरूरत से ज्यादा पानी न डालें.
इसके अलावा फसल में पीले या भूरे धब्बे, पत्तियों का सूखना और पौधों की धीमी बढ़त जैसे लक्षणों पर नजर रखें. किसी भी लक्षण को देखते ही बिना जानकारी के कीटनाशक या दूसरी दवाओं का छिड़काव न करें. पहले कृषि विशेषज्ञ से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: 25 हजार खर्च, 1 लाख तक कमाई! जानें धान की इस किस्म की खासियत
