Agriculture

Cattle Insurance Scheme: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका

N
ABP News
November 14, 2026•3 min read
Cattle Insurance Scheme: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका

Dairy Animals Insurance: गाय-भैंस पालने वाले पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है. कई बार पशु के अचानक बीमार पड़ने, दुर्घटना या मौत होने से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. खासकर छोटे पशुपालकों के लिए एक दुधारू पशु की मौत उनकी कमाई का बड़ा सहारा छिनने जैसी होती है.

इसी नुकसान से बचाने के लिए बिहार सरकार दुधारू पशुओं का बीमा करा रही है. बीमा के कुल प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा सरकार देगी, जबकि पशुपालकों को केवल 15 प्रतिशत रकम अपनी जेब से देनी होगी. आइए जानते हैं इस योजना में कितना बीमा मिलेगा और आवेदन कैसे कर सकते हैं.

एक पशु पर मिलेगा 50 हजार रुपये तक का बीमा

इस योजना के तहत गाय और भैंस जैसे दुधारू पशुओं का बीमा कराया जा सकता है. एक पशु का अधिकतम बीमित मूल्य 50 हजार रुपये तय किया गया है. यानी बीमा की शर्तें पूरी होने पर पशु की मौत के मामले में अधिकतम 50 हजार रुपये तक का क्लेम मिल सकता है. हालांकि, वास्तविक भुगतान पशु के बीमित मूल्य और पॉलिसी की शर्तों के आधार पर होगा.

सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना को मंजूरी दी है. इसके तहत कुल 11,764 दुधारू पशुओं का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना का लाभ सभी वर्गों के पशुपालक ले सकते हैं.

अब पशुपालकों को देने होंगे सिर्फ 450 रुपये

बीमा कराने के लिए पशुपालकों को प्रीमियम का पूरा पैसा नहीं देना होगा. एक पशु के बीमा का प्रीमियम अधिकतम 3,000 रुपये तय किया गया है. इसमें से 85 प्रतिशत यानी 2,250 रुपये सरकार देगी. बाकी 15 प्रतिशत यानी 450 रुपये पशुपालक को जमा करने होंगे. इस तरह कम पैसे देकर भी पशुपालक अपने दुधारू पशु को एक साल तक बीमा सुरक्षा दिला सकते हैं.

यह भी पढ़ें: डेयरी की क्वीन है ये भैंस, दूध बेचकर हर महीने कमाएं 65 हजार रुपये!

बीमा के लिए ईयर टैग और फोटो जरूरी

  • योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालकों को बीमा से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
  • पशु की पहचान के लिए उसके कान में 12 अंकों वाला खास ईयर टैग लगाया जाएगा.
  • इसके साथ पशुपालक और टैग लगे पशु की दो साफ तस्वीरें भी देनी होंगी.
  • एक परिवार को अधिकतम 10 दुधारू पशुओं के बीमा पर सरकारी सब्सिडी का लाभ मिल सकता है.

पशु की मौत होने पर कैसे मिलेगा क्लेम?

बीमा के दौरान पशु की मौत होने पर पशुपालक को तुरंत बीमा कंपनी को इसकी जानकारी देनी होगी. क्लेम के लिए बीमा पॉलिसी, दावा फॉर्म, कंपनी को दी गई सूचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट जैसे दस्तावेज जमा करने होंगे. जरूरी कागजात मिलने के बाद 15 दिनों के भीतर क्लेम का भुगतान करने का प्रावधान है. इसलिए पशु की मौत होने पर देर किए संबंधित विभाग को सूचना देना जरूरी है.

कहां करें आवेदन?

इच्छुक पशुपालक बिहार सरकार के गव्य विकास निदेशालय के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा अपने जिले के गव्य विकास कार्यालय में जाकर भी योजना की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में पता कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: क्या है नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, इसमें कैसे मिलती है सरकारी मदद?

Topics & Tags:#Agriculture
Cattle Insurance Scheme: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका | Kisan Reporter