Agriculture

UP Government Schemes: क्या है नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, इसमें कैसे मिलती है सरकारी मदद?

N
ABP News
November 14, 2026•3 min read
UP Government Schemes: क्या है नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, इसमें कैसे मिलती है सरकारी मदद?

Nandini Krishak Samriddhi Yojana: अगर आप भी खेती के साथ डेयरी बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, तो उत्तर प्रदेश सरकार की नंदिनी कृषक समृद्धि योजना आपके काम आ सकती है. इस योजना के तहत किसान और पशुपालक 25 स्वदेशी गायों की डेयरी यूनिट शुरू कर सकते हैं.

इस योजना का सबसे बड़ी खासियत ये है कि, इसके लिए सरकार परियोजना की कुल लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान देती है. इससे डेयरी शुरू करने के लिए पशुपालकों पर पूरा आर्थिक बोझ नहीं पड़ता. हालांकि, योजना का फायदा लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होती हैं.

क्या है नंदिनी कृषक समृद्धि योजना?

  • नंदिनी कृषक समृद्धि योजना उत्तर प्रदेश सरकार के नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत चलाई जा रही है.
  • इसका मकसद राज्य में अच्छी दूध देने वाली स्वदेशी गायों को बढ़ावा देना है.
  • इसके तहत 25 गायों की डेयरी यूनिट लगाने में आर्थिक मदद दी जाती है.
  • योजना में साहीवाल, गिर, थारपारकर और गंगातीरी नस्ल की गायों को शामिल किया गया है.
  • हालांकि, एक यूनिट में गंगातीरी नस्ल की अधिकतम 5 गाय ही रखी जा सकती हैं.

कितनी मिलती है सरकारी मदद?

इस योजना में 25 गायों की यूनिट लगाने की अनुमानित लागत 62.50 लाख रुपये रखी गई है. इस पर सरकार की ओर से अधिकतम 31.25 लाख रुपये तक अनुदान मिल सकता है. वहीं, अगर यूनिट में 5 गंगातीरी और 20 अन्य तय नस्लों की गाय शामिल हैं, तो परियोजना लागत 61 लाख रुपये और अनुदान की अधिकतम सीमा 30.50 लाख रुपये है.

इसमें कुल लागत का 50 प्रतिशत सरकार अनुदान के रूप में देती है, 35 प्रतिशत तक बैंक से लोन लिया जा सकता है और बाकी 15 प्रतिशत पैसा लाभार्थी को खुद लगाना होता है. यानी किसान को पूरी रकम अपनी जेब से नहीं लगानी पड़ती.

यह भी पढ़ें: डेयरी की क्वीन है ये भैंस, दूध बेचकर हर महीने कमाएं 65 हजार रुपये!

तीन चरणों में मिलता है अनुदान

सरकार की ओर से अनुदान एक साथ नहीं दिया जाता, बल्कि तीन चरणों में मिलता है. सबसे पहले डेयरी के लिए जरूरी भवन और दूसरी सुविधाएं तैयार होने पर 25 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है. इसके बाद तय नस्ल की गायें खरीदने पर 12.5 प्रतिशत राशि मिलती है. आखिरी 12.5 प्रतिशत अनुदान तब दिया जाता है, जब डेयरी यूनिट में कम से कम 10 गायों की संतति पैदा हो जाती है.

कौन कर सकता है आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के पास गाय या भैंस पालन का कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए. इसके लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से प्रमाण पत्र लेना होगा. डेयरी यूनिट के लिए करीब आधा एकड़ और चारा उगाने के लिए 1.5 एकड़ जमीन होनी जरूरी है. यह जमीन खुद की, पैतृक, साझेदारी की या कम से कम 7 साल के पंजीकृत किराये के समझौते पर हो सकती है.

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक पशुपालक नंद बाबा दुग्ध मिशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया देख सकते हैं. आवेदन ऑनलाइन या ऑफलाइन किया जा सकता है. आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित जिले के मुख्य विकास अधिकारी या मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के कार्यालय में जमा करनी होती है. अगर आवेदकों की संख्या तय लक्ष्य से ज्यादा होती है, तो चयन ई-लॉटरी से किया जाता है.

यह भी पढ़ें: ड्रिप इरिगेशन क्या है, इसे कैसे लगवाएं? जानें फायदे और सरकारी सब्सिडी

Topics & Tags:#Agriculture
UP Government Schemes: क्या है नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, इसमें कैसे मिलती है सरकारी मदद? | Kisan Reporter