Agriculture

Dairy Farming: पशुपालक गाय की इस नस्ल पर लगाएं दांव, हर महीने होगी तगड़ी कमाई!

N
ABP News
November 24, 2026•3 min read
Dairy Farming: पशुपालक गाय की इस नस्ल पर लगाएं दांव, हर महीने होगी तगड़ी कमाई!

Gir Cow: भारत में डेयरी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में किसान और पशुपालक अब गाय की ऐसी नस्लें पालना चाहते हैं, जिनसे अच्छी मात्रा में दूध मिल सके और कमाई भी हो. गिर गाय ऐसी ही एक नस्ल है, जो अपने दूध और अच्छी दूध देने की क्षमता के लिए जानी जाती है. मूल रूप से गुजरात की यह नस्ल अब देश के कई राज्यों में पाली जा रही है.

बिहार जैसे राज्यों में भी पशुपालक इसे पालने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं. हालांकि, गिर गाय खरीदने से पहले इसकी कीमत, खाने-पीने का खर्च और दूध से होने वाली कमाई का हिसाब समझना जरूरी है.

कितनी होती है गिर गाय की कीमत?

गिर गाय की कीमत उसकी उम्र, नस्ल की शुद्धता, स्वास्थ्य और दूध देने की क्षमता पर निर्भर करती है. आमतौर पर अच्छी गिर गाय खरीदने के लिए 1 से 1.5 लाख रुपये या इससे ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं. गुजरात में इस नस्ल की अच्छी गायें मिलती हैं. कई पशुपालक दूसरे राज्यों से भी इन्हें खरीदकर लाते हैं. गाय खरीदते समय केवल उसकी बनावट देखकर फैसला नहीं करना चाहिए. उसके दूध देने की क्षमता, स्वास्थ्य और पहले के रिकॉर्ड की जानकारी भी लेनी चाहिए.

एक गिर गाय के खाने पर कितना खर्च आता है?

गिर गाय को हरा चारा, सूखा चारा और जरूरत के हिसाब से दाना देना होता है. इसके अलावा मिनरल मिक्सचर और साफ पानी भी जरूरी है. एक गाय के खाने-पीने पर हर महीने करीब 4,000 से 6,000 रुपये तक खर्च आ सकता है. हालांकि, यह खर्च चारे की उपलब्धता और बाजार में दाने की कीमत पर निर्भर करता है. अगर पशुपालक के पास खुद का हरा चारा है तो खर्च कुछ कम हो सकता है.

यह भी पढ़ें: पशुपालकों को बड़ी राहत, डेयरी खोलने पर मिलेगी 13.86 लाख की सब्सिडी

13 लीटर दूध से कितनी हो सकती है कमाई?

गिर गाय की दूध देने की क्षमता उसकी नस्ल, उम्र, खान-पान और देखभाल पर निर्भर करती है. अच्छी देखभाल मिलने पर कुछ गायें रोजाना करीब 10 से 13 लीटर दूध दे सकती हैं. गिर गाय के दूध में फैट की मात्रा अच्छी होने के कारण इसकी बाजार में अच्छी कीमत मिल सकती है. कुछ जगहों पर इसका दूध 130 से 150 रुपये प्रति लीटर तक बिकता है.

अगर कोई गाय रोजाना 13 लीटर दूध देती है और पशुपालक को 100 रुपये प्रति लीटर का भाव मिलता है, तो रोजाना 1,300 रुपये की बिक्री होगी. इस हिसाब से महीने में करीब 39,000 रुपये का दूध बिक सकता है. इसमें से 4,000 से 6,000 रुपये खाने-पीने का खर्च निकालने पर 33,000 से 35,000 रुपये बच सकते हैं.

गिर गाय पालने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

गिर गाय गर्म इलाकों में अच्छी तरह रहने वाली नस्ल है. फिर भी गर्मी के मौसम में उसे छायादार जगह, साफ पानी और हवादार पशुशाला की जरूरत होती है. समय पर टीकाकरण और पशु चिकित्सक की सलाह से उसकी सेहत का ध्यान रखना चाहिए. गाय खरीदने से पहले उसके दूध और स्वास्थ्य की जांच भी जरूर कराएं.

यह भी पढ़ें: ऊंट पालने का बिजनेस कैसे शुरू करें? जानें दूध से कमाई का पूरा गणित

Topics & Tags:#Agriculture
Dairy Farming: पशुपालक गाय की इस नस्ल पर लगाएं दांव, हर महीने होगी तगड़ी कमाई! | Kisan Reporter