Agriculture

Drip Irrigation: ड्रिप इरिगेशन क्या है, इसे कैसे लगवाएं? जानें फायदे और सरकारी सब्सिडी

N
ABP News
November 14, 2026•3 min read
Drip Irrigation: ड्रिप इरिगेशन क्या है, इसे कैसे लगवाएं? जानें फायदे और सरकारी सब्सिडी

Drip Irrigation Benefits: खेती में पानी की जरूरत हर फसल को होती है, लेकिन कई बार सिंचाई के दौरान काफी पानी बर्बाद हो जाता है. खासकर जब किसान खेत में पारंपरिक तरीके से पानी लगाते हैं, तो जरूरत से ज्यादा पानी बह जाता है. इससे न सिर्फ पानी की बर्बादी होती है, बल्कि बिजली और डीजल का खर्च भी बढ़ जाता है.

ऐसे में ड्रिप इरिगेशन यानी बूंद-बूंद सिंचाई किसानों के लिए काम की तकनीक बन सकती है. इस सिस्टम में पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचाया जाता है. इससे कम पानी में भी फसल की जरूरत पूरी की जा सकती है. इसकी सबसे खास बात यह है कि, सरकार इस तकनीक को अपनाने के लिए किसानों को सब्सिडी भी दे रही है.

क्या है ड्रिप इरिगेशन सिस्टम?

ड्रिप इरिगेशन को बूंद-बूंद सिंचाई भी कहा जाता है. इसमें खेत में पाइप बिछाए जाते हैं और उनके साथ छोटे-छोटे छेद वाले ड्रिपर लगाए जाते हैं. इन्हीं ड्रिपर से पानी धीरे-धीरे बूंदों के रूप में पौधों की जड़ों तक पहुंचता है. इस तरह पूरे खेत में पानी फैलाने की जरूरत नहीं पड़ती और पौधों को उतना ही पानी मिलता है, जितनी उन्हें जरूरत होती है.

पानी और सिंचाई के खर्च में होगी बचत

इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा पानी की बचत है. पारंपरिक सिंचाई में पानी खेत के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक बहता रहता है, जिससे काफी पानी बेकार चला जाता है. वहीं, ड्रिप सिस्टम में पानी सीधे पौधों तक पहुंचता है. इससे पानी की बर्बादी कम होती है और कम पानी वाले इलाकों में भी खेती करना आसान हो सकता है.

इसके अलावा सिंचाई के लिए बार-बार खेत में जाने की जरूरत कम पड़ती है. पानी की जरूरत के हिसाब से सिस्टम चलाया जा सकता है. इससे बिजली या डीजल का खर्च भी घट सकता है. पौधों को सही समय पर पानी मिलने से उनकी बढ़वार में भी मदद मिलती है.

यह भी पढ़ें: खेत में सोलर पंप लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद? जानें यहां

ड्रिप इरिगेशन सिस्टम कैसे लगवाएं?

ड्रिप इरिगेशन सिस्टम लगवाने के लिए किसान अपने राज्य के कृषि या बागवानी विभाग में संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए राज्य के ऑनलाइन पोर्टल पर भी आवेदन किया जा सकता है. आवेदन के दौरान आधार कार्ड, जमीन के कागजात, बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज मांगे जा सकते हैं. आवेदन के बाद खेत और फसल के हिसाब से सिस्टम का डिजाइन तैयार किया जाता है. ध्यान रखें कि सब्सिडी मिलने से पहले विभाग की मंजूरी और तय प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है.

ड्रिप सिस्टम लगवाने पर मिलती है सब्सिडी

  • किसानों को ड्रिप सिंचाई के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत मदद दी जाती है.
  • छोटे और सीमांत किसानों को ड्रिप सिंचाई सिस्टम लगाने पर 55 प्रतिशत तक सब्सिडी मिल सकती है.
  • अन्य किसानों को इसकी लागत पर 45 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है.
  • सब्सिडी के नियम और पात्रता राज्य के हिसाब से अलग हो सकते हैं.
  • किसान आवेदन की जानकारी के लिए अपने राज्य के कृषि या बागवानी विभाग से संपर्क कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: क्या KCC से पशुपालन और मछली पालन के लिए भी मिलता है कर्ज, जानें नियम

Topics & Tags:#Agriculture
Drip Irrigation: ड्रिप इरिगेशन क्या है, इसे कैसे लगवाएं? जानें फायदे और सरकारी सब्सिडी | Kisan Reporter