Agriculture

अपने किचन गार्डन में ऐसे उगाएं सफेद बैंगन, खत्म हो जाएगी सब्जी की टेंशन

N
ABP News
October 9, 2026•3 min read
अपने किचन गार्डन में ऐसे उगाएं सफेद बैंगन, खत्म हो जाएगी सब्जी की टेंशन

आजकल लोग अपने घरों की छतों, बालकनी या किचन गार्डन में जैविक सब्जियां उगाना काफी पसंद कर रहे हैं. घर की उगाई ताजी सब्जियों का स्वाद और शुद्धता बाजार की केमिकल वाली सब्जियों से कहीं बेहतर होती है. अगर आप भी अपने किचन गार्डन में कोई ऐसी सब्जी उगाना चाहते हैं जो आसानी से लग जाए और लगातार पैदावार दे तो सफेद बैंगन एक बेहतरीन विकल्प है.

सफेद बैंगन न सिर्फ देखने में खूबसूरत लगते हैं बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं. इसे अपने घर पर उगाना बेहद आसान है और एक बार पौधा बड़ा हो जाने पर आपकी घर की सब्जी की टेंशन हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.

सफेद बैंगन उगाने के लिए सही समय और मिट्टी

सफेद बैंगन उगाने के लिए सबसे अच्छा समय फरवरी से मार्च और जून से जुलाई का महीना माना जाता है. वैसे इसे साल के किसी भी महीने में उगाया जा सकता है, बशर्ते बहुत ज्यादा कड़ाके की ठंड न हो. इसे गमले या ग्रो बैग में उगाने के लिए मिट्टी तैयार करते समय खास ध्यान रखें.

सामान्य मिट्टी में 40% पुरानी गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट और 10% कोकोपीट मिलाएं. इस मिश्रण से मिट्टी उपजाऊ और भुरभुरी बनती है, जिससे पौधे की जड़ों का विकास बहुत तेजी से होता है. जल निकासी के लिए गमले के नीचे एक छोटा छेद जरूर रखें.

बीज से ऐसे तैयार करें छोटे पौधे

सफेद बैंगन को सीधे बड़े गमले में लगाने के बजाय पहले उसकी पौध तैयार की जाती है. किसी छोटी ट्रे या छोटे डिस्पोजेबल कप में तैयार मिट्टी भरें और सफेद बैंगन के बीजों को आधा इंच की गहराई पर बो दें. इसके बाद स्प्रे बोतल से हल्का पानी दें और इसे ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो. करीब 6 से 10 दिनों के भीतर बीज अंकुरित होकर बाहर आ जाते हैं. जब यह छोटे पौधे लगभग 4 से 5 इंच के हो जाएं और इनमें 4-5 पत्तियां निकल आएं, तब इन्हें बड़े गमले में सावधानी से शिफ्ट कर दें.

यह भी पढ़ें: चारा संकट के बीच पशुपालकों के काम की खेती, एक बार बुवाई से 3 साल तक चारा

धूप और पानी का सही संतुलन है जरूरी

बैंगन के पौधे को फलने-फूलने के लिए अच्छी धूप की जरूरत होती है. इसलिए अपने गमले को किचन गार्डन या छत के उस हिस्से में रखें, जहां रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी और अच्छी धूप आती हो. छांव में रखने पर पौधे की ग्रोथ रुक जाएगी और उसमें फूल नहीं आएंगे. पानी देते समय इस बात का ख्याल रखें कि मिट्टी में हमेशा हल्की नमी बनी रहे, लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए. ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं और पत्तियां पीली होकर गिर सकती हैं. गर्मियों के दिनों में रोज सुबह या शाम को पानी दें, जबकि सर्दियों में जरूरत के अनुसार ही पानी डालें.

अधिक फल पाने के लिए पिंचिंग और जैविक खाद

जब पौधे में फूल आने लगें, तो हर 15 से 20 दिनों में मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके एक-दो मुट्ठी गोबर की खाद या नीम खली डालें. नीम खली डालने से मिट्टी में कीड़े नहीं लगते. बैंगन के पौधों में अक्सर कीटों या सफेद मक्खियों का हमला होता है. इससे बचने के लिए किसी भी केमिकल कीटनाशक का इस्तेमाल न करें. आप घर पर ही नीम के तेल को पानी में मिलाकर हर हफ्ते पौधे पर स्प्रे करें. इससे पौधा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में सूखे से राहत पाने के लिए क्या कदम उठाएं किसान भाई? जान लें

Topics & Tags:#Agriculture
अपने किचन गार्डन में ऐसे उगाएं सफेद बैंगन, खत्म हो जाएगी सब्जी की टेंशन | Kisan Reporter