Mustard MSP: त्योहारों के मौसम के बीच तिलहन किसानों के लिए बाजार से अच्छी खबर सामने आ रही है. सरसों, तिल और सोयाबीन जैसी फसलों के दाम में पिछले साल के मुकाबले अच्छी बढ़त दर्ज की गई है. इससे उन किसानों को फायदा मिल सकता है, जिनके पास इन फसलों का स्टॉक रखा है या जो अपनी उपज मंडी में बेचने की तैयारी कर रहे हैं.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के आधिकारिक Agmarknet के अनुसार, सरसों का भाव सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP से ऊपर चल रहा है, जबकि तिल और सोयाबीन के दाम में भी अच्छी तेजी बताई गई है.
सरसों का भाव MSP से करीब 1,730 रुपये ऊपर
सरसों की खेती करने वाले किसानों के लिए मंडी से राहत भरी खबर है. आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में सरसों का औसत थोक भाव 7,930.15 रुपये प्रति क्विंटल रहा. वहीं, सरसों का सरकारी MSP 6,200 रुपये प्रति क्विंटल है. इस हिसाब से औसत भाव MSP से करीब 1,730 रुपये ज्यादा बैठता है. आंकड़ों में पिछले साल के मुकाबले सरसों के दाम में 15.26 फीसदी की बढ़त भी बताई गई है.
तिल के दाम में करीब दोगुने की तेजी
तिल के भाव में भी बड़ा उछाल दर्ज किया गया है. दिए गए आंकड़ों के अनुसार, तिल का औसत भाव 12,582.98 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले इसकी कीमत में 92.57 फीसदी की बढ़त बताई गई है. यानी सालाना तुलना में तिल के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं. हालांकि, बीते हफ्ते के मुकाबले भाव में कुछ गिरावट भी दर्ज की गई. ऐसे में तिल बेचने का फैसला लेने से पहले किसान बाजार के ताजा रुख पर नजर रखें.
यह भी पढ़ें: धान किसानों को राहत, इन राज्यों में मजबूती से उभर रहा बाजार
सोयाबीन के भाव में भी बड़ा सुधार
सोयाबीन की खेती करने वाले किसानों के लिए भी दाम में बढ़त की खबर है. आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में सोयाबीन का भाव 3,956.99 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अक्टूबर 2026 में बढ़कर 6,786.21 रुपये प्रति क्विंटल हो गया. इस तरह सालाना आधार पर करीब 71.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. इस महीने भी सोयाबीन के भाव में तेजी बताई गई है.
सूरजमुखी और मूंगफली के भाव का हाल
सूरजमुखी का भाव 8,100 रुपये प्रति क्विंटल बताया गया है. इसमें एक महीने के दौरान 13.65 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. वहीं, मूंगफली का भाव 7,357.82 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो पिछले हफ्ते के मुकाबले 6.12 फीसदी कम है. हालांकि, सालाना तुलना में मूंगफली के दाम 32.83 फीसदी ऊपर बताए गए हैं.
हालांकि, किसान ध्यान रखें कि ये औसत भाव हैं, हर मंडी के पक्के दाम नहीं. फसल बेचने से पहले नजदीकी मंडी में भाव, क्वालिटी और तौल के हिसाब से मिलने वाली रकम की जानकारी जरूर ले लें.
यह भी पढ़ें: लकी ड्रॉ खेलिए, मिलेगा ट्रैक्टर और चारा काटने की मशीन; किसानों के लिए मौका
