Government Mandi Registration: अगर आप भी दिन-रात मेहनत कर के खेती कर रहे हैं, लेकिन फसल के सही दाम न मिलने से परेशान हैं? अगर हां तो आप तो ऐसे में सरकारी मंडी और सरकारी खरीद केंद्र आपके लिए अच्छा विकल्प बन सकते हैं. यहां सरकार की ओर से तय किए गए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं, धान और दूसरी फसलों की खरीद की जाती है.
हालांकि, सरकारी खरीद का फायदा उठाने के लिए किसानों को पहले अपना रेजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है. अगर आप भी अपनी फसल सरकारी मंडी में बेचना चाहते हैं, तो जान लीजिए रेजिस्ट्रेशन का पूरा तरीका.
फसल बेचने के लिए क्यों जरूरी है रेजिस्ट्रेशन?
सरकारी खरीद केंद्रों पर फसल बेचने के लिए किसान का रेजिस्ट्रेशन होना जरूरी है. इससे खरीद केंद्र पर किसान की पहचान और उसकी खेती से जुड़ी जानकारी दर्ज हो जाती है. साथ ही, किसान के पास कितनी जमीन है और उसने किस फसल की बुवाई की है, इसका भी रिकॉर्ड रहता है. इससे सरकारी खरीद में पारदर्शिता बनाए रखने और सही किसान तक योजना का फायदा पहुंचाने में मदद मिलती है. रेजिस्ट्रेशन होने के बाद किसान को फसल बेचने के लिए टोकन या तय तारीख भी मिल सकती है.
घर बैठे ऑनलाइन ऐसे कराएं पंजीकरण
सरकारी मंडी में फसल बेचने के लिए किसान अपने राज्य के खाद्य एवं रसद विभाग, कृषि विपणन विभाग या सरकारी खरीद पोर्टल पर जाकर रेजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
- इसके लिए सबसे पहले संबंधित राज्य की सरकारी वेबसाइट खोलें.
- वहां किसान रेजिस्ट्रेशन या फसल बिक्री से जुड़े ऑप्शन पर क्लिक करें.
- इसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी के जरिए वेरिफिकेशन करें.
- अब आवेदन फॉर्म में मांगी गई सारी जानकारी भरें.
- सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म को अच्छी तरह जांच लें और सबमिट कर दें.
- आवेदन पूरा होने पर मिलने वाली वेरिफिकेशन नंबर या रसीद अपने पास रख लें.

यह भी पढ़ें: 47 रुपये किलो में मिलेगा गेहूं का प्रमाणित बीज, यूपी के किसान ऐसे उठाएं फायदा
पंजीकरण के लिए इन दस्तावेजों की पड़ सकती है जरूरत
किसान को पंजीकरण कराते समय कुछ जरूरी दस्तावेज अपने पास रखने चाहिए. इनमें आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, जमीन के कागजात और फसल से जुड़ी जानकारी शामिल हो सकती है. कुछ राज्यों में किसान का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना भी जरूरी होता है.
पंजीकरण के बाद कैसे बेचें फसल?
पंजीकरण पूरा होने के बाद किसान को खरीद केंद्र से जुड़ी जानकारी और फसल बेचने की तारीख का इंतजार करना होता है. कुछ राज्यों में किसानों को मोबाइल पर एसएमएस के जरिए खबर दी जाती है, जबकि कहीं टोकन या स्लॉट बुक करना पड़ता है. तय तारीख पर किसान अपनी फसल लेकर सरकारी खरीद केंद्र पहुंच सकते हैं. वहां उपज की नमी, साफ-सफाई और तय गुणवत्ता के हिसाब से जांच की जाती है. मानकों पर खरी उतरने वाली फसल की खरीद की जाती है और भुगतान किसान के बैंक खाते में भेजा जाता है.
सरकारी मंडी में पंजीकरण की तारीख, वेबसाइट, दस्तावेज और खरीद के नियम हर राज्य में अलग हो सकते हैं. इसलिए आवेदन करने से पहले अपने राज्य के आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी जरूर देख लें.
यह भी पढ़ें: दिवाली से पहले किसानों को तोहफा! गन्ने पर 709.50 रुपये प्रति टन बोनस
