Onion Gardening Tips: कभी सब्जी तो तो कभी पराठे, प्याज का इस्तेमाल तो लगभग हर घर में होता है. लेकिन कई बार बाजार में इसके दाम बढ़ने से रसोई का बजट भी बिगड़ जाता है. ऐसे में अगर आपके घर में थोड़ी सी जगह है, तो आप गमले में भी आसानी से प्याज उगा सकते हैं. इसके लिए बड़े खेत या ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती.
आप इसे घर की छत, बालकनी या खिड़की के पास रखे गमले में प्याज आसानी से उगाई जा सकती है. बस इसके लिए सही गमला, अच्छी मिट्टी, धूप और पानी का ध्यान रखना जरूरी है. आइए जानते हैं कि गमले में प्याज उगाने का आसान तरीका क्या है.
प्याज उगाने के लिए कैसा होना चाहिए गमला?
- सबसे पहले प्याज लगाने के लिए सही गमला चुनें.
- इसके लिए करीब 8 से 10 इंच गहरा और चौड़ा गमला लेना अच्छा रहता है.
- गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए.
- आप प्लास्टिक या मिट्टी, किसी भी तरह का गमला इस्तेमाल कर सकते हैं.
मिट्टी तैयार करने का सही तरीका
प्याज लगाने के लिए ऐसी मिट्टी चुनें, जिसमें पानी जमा न हो और पौधे को जरूरी पोषण भी मिलता रहे. इसके लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद मिलाकर गमला भर दें. मिट्टी को बहुत ज्यादा दबाएं नहीं, ताकि उसमें हवा आती-जाती रहे. 
यह भी पढ़ें: चने की बुआई में हो गई है देरी? ये 7 किस्में कम समय में देंगी अच्छी पैदावार
बीज या छोटे प्याज से करें बुवाई
गमले में प्याज उगाने के लिए आप बीज या छोटे स्वस्थ प्याज के बल्ब लगा सकते हैं. अगर छोटे प्याज लगा रहे हैं, तो उन्हें मिट्टी में इस तरह रखें कि उनका ऊपरी हिस्सा थोड़ा बाहर दिखाई दे. एक साथ कई प्याज लगाने पर उनके बीच पर्याप्त दूरी रखें, ताकि पौधों को बढ़ने की जगह मिल सके. बीज लगाने पर उन्हें हल्की मिट्टी से ढक दें और अंकुर निकलने तक नमी बनाए रखें.
धूप और पानी का रखें ध्यान
- प्याज के पौधों को अच्छी बढ़वार के लिए रोजाना पर्याप्त धूप की जरूरत होती है.
- गमले को ऐसी जगह रखें, जहां दिन में करीब 6 से 8 घंटे धूप मिल सके.
- पानी देते समय ध्यान रखें कि मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे.
- जब ऊपर की मिट्टी सूखी लगे, तभी पानी दें.
कब तैयार होगी प्याज की फसल?
प्याज के पौधों की पत्तियां जब पीली पड़ने लगें और धीरे-धीरे झुक जाएं, तो यह प्याज के पकने का संकेत हो सकता है. इस समय गमले की मिट्टी को हल्के हाथ से हटाकर प्याज की स्थिति देख सकते हैं. प्याज तैयार होने पर उसे सावधानी से मिट्टी से निकाल लें.
यह भी पढ़ें: अश्वगंधा, शतावरी और सफेद मूसली में किसकी मांग ज्यादा, कैसे करें इनकी खेती?
