Agriculture

Soil Fertility Tips: इन गलतियों की वजह से बंजर हो जाती है जमीन, किसान कभी न करें ये काम

N
ABP News
November 1, 2026•3 min read
Soil Fertility Tips: इन गलतियों की वजह से बंजर हो जाती है जमीन, किसान कभी न करें ये काम

खेती में अच्छी फसल लेने के लिए सिर्फ बीज और पानी ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि मिट्टी की सेहत का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. कई बार किसान अनजाने में ऐसी गलतियां कर देते हैं, जिनसे जमीन की उपजाऊ शक्ति कम होने लगती है, जिसका असर फसल की पैदावार पर पड़ता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि खेत की जमीन को बंजर होने से बचाने के लिए किन बातों का ध्यान रखें.

ज्यादा रासायनिक खाद डालना

फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए कई किसान खेत में जरूरत से ज्यादा रासायनिक खाद डाल देते हैं. ऐसा करना मिट्टी की सेहत के लिए नुकसानदायक होता है. खाद का इस्तेमाल मिट्टी की जरूरत और फसल के हिसाब से करना चाहिए. इसके साथ ही खेत में गोबर की सड़ी हुई खाद, कंपोस्ट और हरी खाद का भी इस्तेमाल करें. इससे मिट्टी में जैविक पदार्थ बढ़ाने और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है.

यह भी पढ़ें :PM Kisan Samman Nidhi :खाते में नहीं आए पीएम किसान निधि के 2000 रुपये? तुरंत करें ये काम

खेत में पानी और मिट्टी की जांच न कराना

खेत में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसल की जड़ों तक हवा पहुंचने में परेशानी होती है. इससे जड़ें खराब होती हैं और पौधों की बढ़त पर असर पड़ता है. वहीं, जरूरत से ज्यादा सिंचाई करने से कुछ इलाकों में मिट्टी में नमक की मात्रा बढ़ने की समस्या भी होती है. इसलिए खेत में पानी की निकासी का सही इंतजाम रखें और फसल की जरूरत के अनुसार ही सिंचाई करें. इसके अलावा, मिट्टी की जांच न कराना भी एक बड़ी गलती है. बिना जांच के खाद डालने से मिट्टी में पोषक तत्वों का संतुलन बिगड़ता है. इसलिए समय-समय पर मिट्टी की जांच कराएं और रिपोर्ट के अनुसार ही खाद का इस्तेमाल करें.

फसल चक्र और मिट्टी को खुला छोड़ना

हर मौसम में एक ही फसल उगाने से मिट्टी में कुछ खास पोषक तत्वों की कमी होने लगती है. इससे बचने के लिए किसानों को फसल चक्र अपनाना चाहिए अलग-अलग मौसम में अलग तरह की फसलें उगानी चाहिए. फसल चक्र में दलहनी फसलों को शामिल करना भी फायदेमंद रहता है, क्योंकि ये मिट्टी में नाइट्रोजन बढ़ाने में मदद करती हैं. इसके साथ ही खेत की उपजाऊ ऊपरी परत को बहने से बचाना भी जरूरी है. तेज बारिश और हवा के कारण मिट्टी की यह परत हटती है. खासकर ढलान वाली जमीन पर मेड़बंदी और दूसरी मिट्टी संरक्षण तकनीकों को अपनाना जरूरी है.

यह भी पढ़ें : Potato Farming Without Machines: बगैर मशीन दो एकड़ में करें आलू की खेती, किसान कमा सकते हैं मुनाफा

Topics & Tags:#Agriculture
Soil Fertility Tips: इन गलतियों की वजह से बंजर हो जाती है जमीन, किसान कभी न करें ये काम | Kisan Reporter