Agriculture

Wheat Sowing: गेहूं की बुवाई में कौन-सी खाद कितनी डालें? जानें प्रति एकड़ का हिसाब

N
ABP News
November 13, 2026•3 min read
Wheat Sowing: गेहूं की बुवाई में कौन-सी खाद कितनी डालें? जानें प्रति एकड़ का हिसाब

Wheat Fertilizer Management: गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए सिर्फ अच्छी किस्म का बीज चुनना ही काफी नहीं है, बल्कि खेत में सही खाद डालना भी उतना ही जरूरी है. खासकर बुवाई के समय पौधों को सही पोषण मिल जाए, तो उनकी जड़ें और शुरुआती बढ़वार अच्छी होती है. वहीं, खाद की कमी या जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करने से फसल पर बुरा असर पड़ सकता है.

ऐसे में किसानों के लिए यह जानना जरूरी है कि गेहूं की बुवाई के समय कौन-सी खाद कितनी मात्रा में डालनी चाहिए. आइए जानते हैं खाद डालने का सही तरीका और इससे फसल को होने वाले फायदे.

बुवाई के समय डालें डीएपी या एनपीके खाद

गेहूं की बुवाई के समय पौधों को नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश की जरूरत होती है. इसके लिए किसान प्रति एकड़ 50 किलो डीएपी डाल सकते हैं. अगर खेत में डीएपी उपलब्ध नहीं है, तो इसके विकल्प के तौर पर 75 किलो एनपीके 12:32:16 या 90 किलो एनपीके 10:26:26 का इस्तेमाल किया जा सकता है. ये तीनों विकल्प शुरुआती पोषण देने में मदद करते हैं. इन तीनों खादों को एक साथ नहीं डालना है, बल्कि इनमें से किसी एक विकल्प का चुनाव करना है.

धान के बाद गेहूं बो रहे हैं तो दें जिंक

धान की कटाई के बाद गेहूं की बुवाई करने वाले किसानों को मिट्टी में जिंक की कमी का भी ध्यान रखना चाहिए. अगर धान की फसल में जिंक नहीं डाला गया था और मिट्टी की जांच में इसकी कमी है, तो बुवाई के समय प्रति एकड़ 10 किलो जिंक सल्फेट डाल सकते हैं. जिंक पौधों की शुरुआती बढ़वार और पत्तियों के विकास में मदद करता है.

यह भी पढ़ें: गेहूं की फसल में कब कब करें पहली सिंचाई? जानें सही तरीका

दानों का वजन बढ़ाने में मदद करता है पोटाश

गेहूं के दानों का अच्छा भराव और वजन पाने के लिए पोटाश भी जरूरी पोषक तत्व है. डीएपी में पोटाश नहीं होता, इसलिए खाद का चुनाव करते समय इस बात का ध्यान रखें. जरूरत होने पर प्रति एकड़ 20 से 25 किलो म्यूरेट ऑफ पोटाश का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पौधों को पोटाश मिलता है और दानों के विकास में मदद मिलती है. हालांकि, एनपीके 12:32:16 और 10:26:26 में पहले से पोटाश मौजूद होता है, इसलिए अतिरिक्त पोटाश डालने से पहले मिट्टी की जांच जरूर कराएं.

यूरिया की शुरुआती मात्रा का रखें ध्यान

गेहूं की फसल में नाइट्रोजन की जरूरत पूरी करने के लिए यूरिया का इस्तेमाल किया जाता है. बुवाई के समय प्रति एकड़ करीब 25 किलो यूरिया डाल सकते हैं. लेकिन डीएपी और एनपीके में भी नाइट्रोजन मौजूद होती है. इसलिए खाद की पूरी मात्रा मिट्टी की जांच और स्थानीय कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार तय करें. जरूरत से ज्यादा यूरिया डालने से फसल को नुकसान हो सकता है.

खाद डालने से पहले मिट्टी की जांच जरूरी

किसान खाद डालने से पहले खेत की मिट्टी की जांच जरूर कराएं. इससे पता चलेगा कि जमीन में किस पोषक तत्व की कमी है और कितनी खाद की जरूरत है. खाद को खेत में अच्छी तरह मिलाकर बुवाई करें.

यह भी पढ़ें: फसल के लिए कितना खतरनाक है प्रदूषण? NCR के किसान भाई संभल जाएं

Topics & Tags:#Agriculture
Wheat Sowing: गेहूं की बुवाई में कौन-सी खाद कितनी डालें? जानें प्रति एकड़ का हिसाब | Kisan Reporter