Agriculture

गांव में शुरू करें अचार-पापड़ का बिजनेस, सरकार देगी 10 लाख की मदद

N
ABP News
September 18, 20263 min read
गांव में शुरू करें अचार-पापड़ का बिजनेस, सरकार देगी 10 लाख की मदद

अगर आप गांव में बिजनेस शुरू करने की सोच रहे हैं तो अचार-पापड़ का बिजनेस आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. कम स्तर पर इसे घर से आसानी शुरु किया जा सकता है और मांग बढ़ने पर इससे अच्छी आय हो सकती है. खास बात यह है कि सरकार की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के तहत छोटे फूड प्रोसेसिंग कारोबार को आर्थिक सहायता देती है. इस योजना का उद्देश्य छोटे खाद्य बिजनेस को मजबूत करना, उन्हें बेहतर मशीनरी और पैकेजिंग उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है. ऐसे में जानिए आप गांव में कैसे शुरु कर सकते हैं अचार-पापड़ का बिजनेस.

10 लाख रुपये तक की मदद

PMFME योजना के तहत व्यक्ति को खाद्य बिजनेस शुरु करने के लिए 35 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड कैपिटल सब्सिडी मिलती है. इसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये तक है. हालांकि पूरी लागत सरकार की ओर से नहीं दी जाती है. व्यक्ति को भी अपनी तरफ से कुछ राशि लगानी होती है.

ऐसे शुरु करें अचार-पापड़ का बिजनेस

इस बिजनेस को शुरू करने के लिए सबसे पहले यह तय करना जरूरी है कि आप कौन-कौन से प्रोडक्ट बनाएंगे. आप गांव में आसानी से मिलने वाले कच्चे माल के आधार पर अचार, पापड़, चटनी या मसाले जैसे प्रोडक्ट चुन सकते हैं. इसके बाद आप कच्चे माल, मशीनरी, पैकेजिंग, बिजली और मार्केटिंग को ध्यान में रखकर बिजनेस प्लान तैयार कर सकते हैं. प्रोडक्ट की गुणवत्ता बिजनेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. साफ-सफाई, सही तरीके से तैयार करना, सुरक्षित पैकेजिंग और प्रोडक्ट की उचित जानकारी ग्राहक का भरोसा बढ़ाने में मदद करती है.

यह भी पढ़ें: घर पर आसानी से उगा सकते हैं ये हरी सब्जियां, एक क्लिक में देखें पूरी लिस्ट

सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रहेगा बाजार

आज अचार-पापड़ जैसे खाद्य उत्पाद को स्थानीय दुकानों के अलावा शहरों में भी बेचा जा सकता है. आप गांव के आसपास की किराना दुकानों, स्थानीय बाजारों और मेलों के जरिए शुरुआत कर सकते हैं. इसके अलावा सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफार्म से भी पहुंच बनाई जा सकती है. अगर आप प्रोडक्ट की अच्छी पैकेजिंग और पहचान बनाते हैं, तो धीरे-धीरे बिजनेस को बढ़ाया जा सकता है.

ऐसे करें आवेदन

इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए आपको PMFME के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं. पोर्टल पर Register विकल्प पर क्लिक करके अपनी जानकारी जैसे नाम, पता, मोबाइल नंबर भरकर पंजीकरण करें. लॉगिन करने के बाद योजना के आवेदन फॉर्म को खोलें. अपने बिजनेस से जुड़ी जानकारी अपलोड करें. मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज (आधार, पैन, बैंक विवरण) स्कैन करके अपलोड करें. फार्म को सबमिट कर दें. आवेदन सही पाए जाने पर बैंक आपके प्रोजेक्ट के लिए लोन पास करता है.

यह भी पढ़ें: मधुमक्खी पालन में एआई से लें सलाह, दोगुनी हो जाएगी इनकम

Topics & Tags:#Agriculture
गांव में शुरू करें अचार-पापड़ का बिजनेस, सरकार देगी 10 लाख की मदद | Kisan Reporter