Agriculture

गोदाम बनवाने के लिए 2 करोड़ तक का लोन! ब्याज में भी मिलेगी छूट

N
ABP News
November 27, 2026•3 min read
गोदाम बनवाने के लिए 2 करोड़ तक का लोन! ब्याज में भी मिलेगी छूट

Agriculture Infrastructure Fund: किसानों के सामने अक्सर एक बड़ी परेशानी फसल को बेचने और सुरक्षित रखने की होती है. कई बार मंडी में सही भाव नहीं मिलता, इसलिए किसान मजबूरी में अपनी उपज कम कीमत पर बेच देते हैं. वहीं, जिन किसानों के पास फसल रखने के लिए गोदाम नहीं है, उन्हें कटाई के बाद अनाज रखने में भी दिक्कत होती है. किसानों की इसी परेशानी को दूर करने के लिए सरकार कृषि से जुड़े कामों के लिए सस्ता कर्ज उपलब्ध करा रही है.

इसके तहत किसान, किसान उत्पादक संगठन (FPO), सहकारी समितियां और कृषि उद्यमी गोदाम बनवाने के लिए भी लोन ले सकते हैं. सरकार की कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) योजना के तहत 2 करोड़ रुपये तक के कर्ज पर ब्याज में 3 फीसदी की छूट दी जाती है.

क्या है कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना?

कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड यानी AIF केंद्र सरकार की योजना है. इसका मकसद खेती से जुड़ी जरूरी सुविधाएं तैयार करना है, ताकि किसानों को अपनी फसल रखने, संभालने और बाजार तक पहुंचाने में आसानी हो. इसके तहत गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, फसल की छंटाई और पैकिंग से जुड़ी इकाइयां बनाने के लिए कर्ज मिल सकता है.

इस योजना में पात्र लोगों को 2 करोड़ रुपये तक के लोन पर 3 फीसदी सालाना ब्याज में छूट मिलती है. यह छूट अधिकतम 7 साल तक दी जा सकती है. यानी किसान को बैंक से मिलने वाले कर्ज पर ब्याज का बोझ कम करना होता है. हालांकि, यह पूरी तरह ब्याज मुक्त लोन नहीं है. बैंक की तय ब्याज दर और योजना की शर्तों के हिसाब से बाकी ब्याज देना पड़ता है.

किन लोगों को मिलेगा योजना का फायदा?

इस योजना का फायदा सिर्फ व्यक्तिगत किसान ही नहीं, बल्कि खेती से जुड़े दूसरे लोग और संस्थाएं भी उठा सकती हैं. इसके लिए ये लोग आवेदन कर सकते हैं:

  • व्यक्तिगत किसान
  • किसान उत्पादक संगठन (FPO)
  • स्वयं सहायता समूह (SHG)
  • सहकारी समितियां और पैक्स (PACS)
  • कृषि उद्यमी और स्टार्टअप
  • संयुक्त देयता समूह (JLG)

यह भी पढ़ें: गाय-भैंस के गोबर से शुरू करें ये 5 बिजनेस, घर बैठे होगी तगड़ी कमाई

कैसे करें आवेदन?

अगर आप भी गोदाम बनवाने के लिए इस योजना का फायदा उठाना चाहते हैं तो सबसे पहले अपने प्रोजेक्ट की पूरी योजना तैयार करें. इसमें गोदाम बनाने की जगह, उसका आकार, निर्माण का खर्च और उससे होने वाली कमाई का अनुमान शामिल होना चाहिए.

इसके बाद कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के आधिकारिक पोर्टल (agriinfra.dac.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. आवेदन के साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट और जरूरी दस्तावेज जमा करने होते हैं. इसके बाद बैंक प्रोजेक्ट की जांच करता है और लोन मंजूर करने का फैसला लेता है. ध्यान रखें कि लोन मिलना बैंक की जांच और मंजूरी पर निर्भर करता है.

कब तक उठा सकते हैं फायदा?

कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना को 31 मार्च 2027 तक बढ़ाया गया है. इसलिए गोदाम या दूसरी कृषि सुविधाएं बनाने की योजना बना रहे किसान और उद्यमी बैंक से इसकी मौजूदा आवेदन और लोन मंजूरी की स्थिति जरूर पता कर लें.

यह भी पढ़ें: खेत में बाड़ लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद, जानें पूरा प्रोसेस?

Topics & Tags:#Agriculture
गोदाम बनवाने के लिए 2 करोड़ तक का लोन! ब्याज में भी मिलेगी छूट | Kisan Reporter