Pig Farming Business: आज के समय में खेती के साथ पशुपालन भी कमाई का अच्छा जरिया बनता जा रहा है. गाय-भैंस और बकरी पालन के अलावा सुअर पालन यानी पिग फार्मिंग भी किसानों और गांवों में रहने वाले युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. इसकी सबसे बड़ी वजह है कि सुअर कम समय में बड़े हो जाते हैं और बाजार में इनके मांस की मांग भी बनी रहती है.
अगर सही नस्ल के सुअर चुने जाएं, उनके खाने-पीने और साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए और बाजार में बेचने की अच्छी व्यवस्था हो, तो इस काम से अच्छी कमाई की जा सकती है. कुछ बड़े फार्म में सालाना 12 लाख रुपये तक की बिक्री का लक्ष्य रखा जा सकता है.
पिग फार्मिंग कैसे शुरू करें?
सुअर पालन शुरू करने के लिए सबसे पहले अच्छी नस्ल के स्वस्थ सुअर खरीदने चाहिए. इसके लिए लार्ज व्हाइट यॉर्कशायर, लैंडरेस और हैम्पशायर जैसी नस्लें अच्छी मानी जाती हैं. इन नस्लों के सुअर तेजी से वजन बढ़ाते हैं और इनसे अच्छी संख्या में बच्चे भी मिलते हैं. शुरुआत में किसान 10 मादा सुअर और एक नर सुअर से अपना फार्म शुरू कर सकते हैं. मादा सुअर एक बार में औसतन 8 से 10 बच्चों को जन्म दे सकती है.
सुअरों को क्या खिलाएं?
सुअरों का वजन तेजी से बढ़ाने के लिए उनके खाने का खास ध्यान रखना पड़ता है. इन्हें मक्का, गेहूं का चोकर, सोयाबीन खली, हरी सब्जियां और संतुलित पशु आहार दिया जा सकता है. कुछ जगहों पर होटल और सब्जी मंडियों से मिलने वाले साफ खाद्य कचरे का इस्तेमाल भी किया जाता है. लेकिन बिना जांचे-परखे खराब या सड़ा हुआ खाना नहीं देना चाहिए.
इसके अलावा सुअरों को हर समय साफ पानी मिलना चाहिए. समय पर टीकाकरण, पेट के कीड़ों की दवा और पशु चिकित्सक से जांच भी जरूरी है. खासकर स्वाइन फीवर जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: खेत में बाड़ लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद, जानें पूरा प्रोसेस?
कैसे होगी 12 लाख रुपये की कमाई?
अब बात करते हैं कमाई की. मान लीजिए कि आपके फार्म में सालभर में 100 सुअर बिक्री के लिए तैयार हो जाते हैं. अगर हर सुअर का औसत वजन 70 किलो है और आपको 170 रुपये प्रति किलो के हिसाब से भाव मिलता है, तो एक सुअर की कीमत 11,900 रुपये होगी.
इस हिसाब से 100 सुअरों को बेचने पर आपको कुल 11 लाख 90 हजार रुपये मिल सकते हैं. यानी बिक्री से करीब 12 लाख रुपये की रकम मिलेगी. हालांकि, यह कुल बिक्री है. इसमें से सुअरों के चारे, बच्चों की खरीद या पालन, शेड, दवा, मजदूरी और दूसरे खर्च घटाने होंगे.
फार्म शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पिग फार्मिंग में कमाई की संभावना जरूर है, लेकिन बिना तैयारी के इसमें पैसा लगाना नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए शुरुआत से पहले अपने आसपास के बाजार में सुअर के मांस और जीवित सुअरों की मांग पता करें. खरीदने वाले व्यापारियों से संपर्क बनाएं और पशुपालन विभाग या कृषि विज्ञान केंद्र से ट्रेनिंग लें.
यह भी पढ़ें: खेती के लिए लोन चाहिए, बिना गारंटी मिलेगा इतना कर्ज
