Himachal Apple Farming: हिमाचल प्रदेश में बहुत से किसान रोजी-रोटी के लिए सेब की खेती पर निर्भर होते हैं. लेकिन अब इस फसल पर संकट बढ़ता जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि, खेती में नई तकनीक आने और खाद-कीटनाशकों का इस्तेमाल बढ़ने के बावजूद सेब की पैदावार में सुधार नहीं हो रहा है. उल्टा, प्रदेश में पिछले 40 सालों के दौरान सेब की प्रति हेक्टेयर पैदावार आधे से भी कम रह गई है.
वैज्ञानिकों ने इसके पीछे खाद और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल, मिट्टी की बिगड़ती सेहत और मौसम में बदलाव को बड़ी वजह बताया है. यानी जिस खाद और दवा का इस्तेमाल किसान फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए कर रहे थे, उनका गलत इस्तेमाल अब बागानों के लिए परेशानी बन रहा है.
40 साल में कितनी घट गई सेब की पैदावार?
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की मैगजीन 'इंडियन हॉर्टिकल्चर' में छपे एक लेख के मुताबिक, साल 1981 में हिमाचल प्रदेश में एक हेक्टेयर जमीन से 10 टन से ज्यादा सेब पैदा होता था. लेकिन साल 2023 तक यह घटकर करीब 4.3 टन रह गया. यानी प्रति हेक्टेयर उत्पादन में आधे से ज्यादा की गिरावट आई है. हैरानी की बात यह है कि, हाल के वर्षों में अच्छी पैदावार होने पर भी उत्पादन मुश्किल से 6 टन प्रति हेक्टेयर तक पहुंच पाया है.
खाद और कीटनाशकों के ज्यादा इस्तेमाल से बिगड़ी मिट्टी
वैज्ञानिकों के मुताबिक, सेब की पैदावार घटने की एक बड़ी वजह रासायनिक खाद और कीटनाशकों का असंतुलित इस्तेमाल है. 1980 के दशक की शुरुआत तक बागानों में इनका इस्तेमाल काफी कम होता था. लेकिन 1983-84 में सेब के पौधों में स्कैब नाम की फफूंद वाली बीमारी फैलने के बाद किसानों ने नियमित रूप से कीटनाशकों का छिड़काव शुरू कर दिया. धीरे-धीरे खाद और दवाओं का इस्तेमाल जरूरत से ज्यादा होने लगा.
इसका असर अब मिट्टी पर दिखाई दे रहा है. लंबे समय तक रसायनों के इस्तेमाल से जमीन की उपजाऊ ताकत घट रही है. मिट्टी में पानी रोकने की क्षमता कम हो रही है और फसल के लिए फायदेमंद छोटे जीव भी घट रहे हैं. इससे पौधों की सेहत और फल देने की क्षमता पर असर पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: खेती के लिए लोन चाहिए, बिना गारंटी मिलेगा इतना कर्ज
मौसम में बदलाव भी बढ़ा रहा परेशानी
सेब की कम पैदावार के पीछे सिर्फ खाद और कीटनाशक ही जिम्मेदार नहीं हैं. वैज्ञानिकों का कहना है कि सर्दियों में पहले जैसी ठंड नहीं पड़ रही है और बारिश का समय भी बदल रहा है. इसका असर सेब के पौधों में फूल आने और फल बनने की प्रक्रिया पर पड़ता है. इस साल भी मौसम की गड़बड़ी के कारण सेब का उत्पादन 1.70 करोड़ पेटियों से ज्यादा रहने की उम्मीद नहीं है.
अब प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दे रहे वैज्ञानिक
सेब के बागानों को फिर से बेहतर बनाने के लिए वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती अपनाने की सलाह दी है. वैज्ञानिकों ने साल 2020 से 2024 के बीच किए गए परीक्षणों में पाया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी में फायदेमंद जीवों की संख्या बढ़ी. केंचुओं की संख्या और मिट्टी में जैविक कार्बन भी बढ़ा.
यह भी पढ़ें: गन्ने की खेती पर मुफ्त बीज और सब्सिडी, किसानों को मिलेंगे 15 हजार रुपये!
