PM Kusum Yojana: खेती में फसल उगाने के लिए जितना जरूरी पानी और खाद है, उतनी ही जरूरी बिजली भी है. लेकिन कई बार किसानों को सिंचाई के लिए समय पर बिजली नहीं मिलती. वहीं, डीजल पंप से खेतों में पानी देने पर काफी पैसा खर्च हो जाता है. ऐसे में सोलर खेती किसानों के लिए एक अच्छा विकल्प बनकर उभर रही है. इसमें सूरज की रोशनी से बिजली बनाई जाती है, जिसका इस्तेमाल खेतों की सिंचाई से लेकर दूसरे कृषि कार्यों में किया जा सकता है.
सोलर खेती से किसान सिर्फ बिजली का खर्च ही नहीं बचा सकते, बल्कि कुछ तरीकों से अतिरिक्त कमाई भी कर सकते हैं. इसके लिए सरकार की ओर से पीएम-कुसुम जैसी योजना भी चलाई जा रही है.
क्या है सोलर खेती?
सोलर खेती का मतलब खेतों में सोलर पैनल लगाकर सूरज की रोशनी से बिजली बनाना है. इस बिजली से किसान अपने खेतों में लगे पानी के पंप चला सकते हैं. इससे सिंचाई के लिए बिजली के आने का इंतजार नहीं करना पड़ता और डीजल पर होने वाला खर्च भी कम होता है.
इसका एक दूसरा तरीका एग्रीवोल्टिक्स है. इसमें खेतों में ऐसे ढांचे पर सोलर पैनल लगाए जाते हैं, जिनके नीचे या आसपास फसल उगाई जा सकती है. यानी एक ही जमीन से खेती और बिजली उत्पादन दोनों काम किए जा सकते हैं.
सोलर खेती से कैसे होगी किसानों की कमाई?
सोलर खेती से किसानों को दो तरह से फायदा हो सकता है. पहला, अगर किसान अपने खेत में सोलर पंप लगाते हैं तो सिंचाई के लिए बिजली या डीजल पर होने वाला खर्च बच सकता है. दूसरा, अगर किसान अपनी जमीन पर सोलर पावर प्लांट लगाते हैं तो उससे बिजली बनाकर बेच भी सकते हैं.
इसके अलावा किसान अपनी जमीन सोलर प्लांट लगाने वाली कंपनी को किराये पर दे सकते हैं. नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, पीएम-कुसुम योजना के तहत जमीन किराये पर देकर किसान सालाना 80 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक कमा सकते हैं. 
यह भी पढ़ें: गाय-भैंस के गोबर से शुरू करें ये 5 बिजनेस, घर बैठे होगी तगड़ी कमाई
पीएम-कुसुम योजना से मिलेगी मदद
किसानों को सोलर खेती से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार पीएम-कुसुम योजना चला रही है. इसके तहत किसानों को सोलर पंप लगाने और खेतों में सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए मदद दी जाती है. इस योजना के तीन हिस्से हैं.
- पहले हिस्से में किसान अपनी जमीन पर सोलर पावर प्लांट लगाकर बिजली बेच सकते हैं.
- दूसरे हिस्से में बिना बिजली कनेक्शन वाले इलाकों में सोलर पंप लगाने में मदद मिलती है.
- तीसरे हिस्से में पहले से लगे बिजली वाले कृषि पंपों को सोलर से चलाने की सुविधा दी जाती है.
योजना के तहत सोलर पंप और पंपों को सोलर से जोड़ने पर सामान्य राज्यों में तय लागत का 30 फीसदी तक केंद्रीय सहायता मिल सकती है. कुछ पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में यह सहायता 50 फीसदी तक है. इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से भी मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: खेत में बाड़ लगाने के लिए कैसे मिलती है सरकारी मदद, जानें पूरा प्रोसेस?
