Agriculture

Goat Farming: बकरी पालन से होगी मोटी कमाई, ये 2 नई नस्लें देंगी 450 लीटर तक दूध!

N
ABP News
November 26, 2026•3 min read
Goat Farming: बकरी पालन से होगी मोटी कमाई, ये 2 नई नस्लें देंगी 450 लीटर तक दूध!

Saanen Beetal Goat: अगर आप बकरी पालन करते हैं और इससे ज्यादा कमाई करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. अब बकरियों से सिर्फ मांस ही नहीं, बल्कि अच्छी मात्रा में दूध लेकर भी कमाई की जा सकती है. वैज्ञानिकों ने देसी बकरी की दो ऐसी उन्नत नस्लें तैयार की हैं, जो सामान्य बकरियों के मुकाबले ज्यादा दूध देती हैं. इनसे रोजाना करीब 3 से 3.5 किलो तक दूध मिल सकता है.

इन बकरियों को पालने के लिए बहुत ज्यादा जमीन की जरूरत भी नहीं है. इन्हें खुला छोड़ने के बजाय गायों की तरह बाड़े में रखकर भी पाला जा सकता है. इससे छोटे किसान और कम जगह वाले पशुपालक भी बकरी पालन को कमाई का अच्छा जरिया बना सकते हैं.

देसी बकरी की इन दो नस्लों में क्या है खास?

राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के वैज्ञानिकों ने क्रॉस ब्रीडिंग यानी दो अलग-अलग नस्लों की बकरियों को मिलाकर दो उन्नत नस्लें तैयार की हैं. इनमें सानन-बीटल और एलपाइन-बीटल शामिल हैं. इन्हें तैयार करने के लिए सानन और एलपाइन नस्ल की बकरियों का देसी बीटल नस्ल के साथ मेल कराया गया है.

इन दोनों नस्लों की सबसे बड़ी खासियत इनका दूध उत्पादन है. जहां सामान्य देसी बकरियां रोजाना करीब 1.5 से 2 किलो दूध देती हैं, वहीं ये उन्नत नस्लें रोजाना 3 से 3.5 किलो तक दूध दे सकती हैं.

कैसे तैयार हुईं सानन-बीटल और एलपाइन-बीटल नस्लें?

इन नस्लों को तैयार करने का काम 1971 में शुरू किया गया था. लंबे समय तक रिसर्च और कई बार परीक्षण करने के बाद 2006 में वैज्ञानिकों को इसमें सफलता मिली. लैब में किए गए परीक्षणों के नतीजे अच्छे आने के बाद अब इन नस्लों का सरकारी तौर पर रजिस्ट्रेशन कराने की तैयारी चल रही है. इनकी दूध देने की क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सानन-बीटल बकरी ने एक ब्यांत में 449 लीटर दूध देने का रिकॉर्ड बनाया है. वहीं, सामान्य देसी बकरी एक ब्यांत में करीब 150 से 200 लीटर दूध देती है.

यह भी पढ़ें: घर के बैकयार्ड में कैसे शुरू करें पोल्ट्री फार्म, जानें कमाई का पूरा गणित

एक साल में तीन बच्चे तक दे सकती हैं ये बकरियां

इन उन्नत नस्लों की एक और खासियत इनकी प्रजनन क्षमता है. सामान्य देसी बकरियां एक साल में औसतन दो बच्चों को जन्म देती हैं, जबकि सानन-बीटल और एलपाइन-बीटल नस्लें एक साल में तीन बच्चों तक को जन्म दे सकती हैं. इससे पशुपालकों को दूध के साथ बकरी के बच्चे बेचकर भी कमाई करने का मौका मिलेगा.

सालाना 7 हजार रुपये तक की अतिरिक्त कमाई

इन बकरियों को पालने से पशुपालकों की कमाई बढ़ सकती है. जानकारी के मुताबिक, नई उन्नत नस्लों की एक बकरी से दूध बेचकर सालभर में करीब 7 हजार रुपये तक की अतिरिक्त कमाई की जा सकती है. सामान्य बकरी की कीमत करीब 7 से 8 हजार रुपये होती है, जबकि नई उन्नत नस्ल के बकरे की नीलामी में कीमत 66 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है.

यह भी पढ़ें: अपनी गाय का बीमा कैसे करा सकते हैं, कितनी मिलती है सब्सिडी?

Topics & Tags:#Agriculture
Goat Farming: बकरी पालन से होगी मोटी कमाई, ये 2 नई नस्लें देंगी 450 लीटर तक दूध! | Kisan Reporter