अगर आप गांव में रहकर कम लागत में खेती या छोटा कारोबार शुरू करने का सोच रहे हैं तो आपके लिए मशरूम उत्पादन एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय की ओर से मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए योजना चलाई जा रही है. इसके तहत लोगों को मशरुम उत्पादन शुरु करने के लिए केवल 30 रुपये में मशरुम किट उपलब्ध करवाई जा रही है. यह योजना बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय द्वारा वित्तीय वर्ष (2025-26) के तहत चलाई जा रही है. ऐसे में जानिए इस योजना से जुड़ी जरूरी जानकारी और मशरुम उत्पादन शुरु करने का आसान तरीका.
300 रुपये की किट पर 270 रुपये सब्सिडी
बिहार की 2025-26 की योजना के अनुसार, बकेट मशरूम किट की लागत 300 रुपये निर्धारित है. इस पर सरकार 90 प्रतिशत यानी 270 रुपये का अनुदान दे रही है. ऐसे में किसान को एक किट के लिए अपनी तरफ से सिर्फ 30 रुपये देने होंगे. यह योजना राज्य के सभी जिलों में लागू की गई है.
कितनी किट मिल सकती हैं?
योजना के तहत एक किसान न्यूनतम 25 और अधिकतम 100 किट तक का लाभ ले सकता है. यानी अगर कोई किसान अधिकतम 10 किट लेता है तो दाम के हिसाब से कुल लागत 3000 रुपये होगी और 90 प्रतिशत अनुदान 2,700 रुपये तक होगा, जिसमें किसान को केवल 300 रुपये ही देना होंगे. बिहार उद्यान निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर आप इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: केसीसी योजना में अधिकतम कितना लोन ले सकते हैं किसान? जान लें लिमिट
छोटे स्थान से कर सकते हैं शुरुआत
मशरूम उत्पादन की खासियत यह है कि इसके लिए सामान्य फसलों की तरह बड़े खेत की जरूरत हमेशा नहीं होती. छोटे स्तर पर उपलब्ध जगह के हिसाब से इसकी शुरुआत आसानी से की जा सकती है. यही वजह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में इसे अतिरिक्त आय के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. सरकार की योजना का उद्देश्य भी किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण बेरोजगार पुरुषों और महिलाओं के बीच स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है. वहीं मशरूम में प्रोटीन और कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी परिवारों का पोषण स्तर सुधारने में भी सहायता मिलती है. मशरुम बकेट की मदद से आप खेत या जगह की चिंता न करते हुए आसानी से इसका उत्पादन शुरु कर सकते हैं. किसान कम निवेश के साथ मशरूम उत्पादन शुरू करके बाजार में बेचकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: कितने की आती है जखराना बकरी, कितने रुपये लीटर बिकता है इसका दूध?
