Agriculture

Best Soil for Crops: मिट्टी का रंग बताता है खासियत, जानें काली-लाल और पीली मिट्टी का फर्क

N
ABP News
August 17, 20263 min read
Best Soil for Crops: मिट्टी का रंग बताता है खासियत, जानें काली-लाल और पीली मिट्टी का फर्क

Best Soil for Crops: हमारे देश में खेती के लिए कई तरह की मिट्टी मिलती है. हर मिट्टी का रंग अलग होता है और हर रंग की मिट्टी की अपनी खास बात होती है. मिट्टी का रंग सिर्फ देखने में अलग नहीं होता, बल्कि इससे पता चलता है कि उसमें कौन-कौन से तत्व मौजूद हैं और वह किस फसल के लिए अच्छी है. किसान अगर मिट्टी का रंग पहचान लें, तो वे सही फसल चुन सकते हैं और अच्छी पैदावार पा सकते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं इसके बारे में पूरी जानकारी कि इनमें क्या फर्क होता है.

काली मिट्टी की खासियत

काली मिट्टी को "रेगुर मिट्टी" भी कहा जाता है. यह मिट्टी ज्वालामुखी की चट्टानों के टूटने से बनती है. इसका रंग काला इसलिए होता है क्योंकि इसमें लोहा और चूने के तत्व होते हैं, साथ ही इसमें जला हुआ पदार्थ भी मिला होता है. यह मिट्टी बहुत उपजाऊ होती है और पानी को लंबे समय तक अपने अंदर रोक कर रखती है. यही वजह है कि यह कपास की खेती के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है. यह मिट्टी मुख्य रूप से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के इलाकों में पाई जाती है. बारिश के बाद यह मिट्टी फूलकर चिपचिपी हो जाती है और सूखने पर इसमें दरारें पड़ जाती हैं.

यह भी पढ़ेंः Livestock Insurance Scheme: पशुओं का भी बीमा कराएगी सरकार, 85% प्रीमियम भी भरेगी

लाल मिट्टी की पहचान

लाल मिट्टी का रंग लाल इसलिए होता है क्योंकि इसमें लोहे के कण ज्यादा मात्रा में होते हैं. जब यह लोहा हवा के संपर्क में आता है, तो जंग जैसा असर दिखता है और मिट्टी का रंग लाल हो जाता है. यह मिट्टी पुरानी चट्टानों के टूटने-फूटने से बनती है. लाल मिट्टी में पानी रोकने की ताकत कम होती है, इसलिए इसमें सिंचाई की ज्यादा जरूरत पड़ती है. इसमें नाइट्रोजन और जैविक तत्व भी कम मात्रा में पाए जाते हैं, इसलिए किसानों को इसमें खाद डालनी पड़ती है. यह मिट्टी मूंगफली, बाजरा, आलू और दलहन जैसी फसलों के लिए अच्छी मानी जाती है. यह मिट्टी तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों में मिलती है.

पीली मिट्टी में क्या खास है

पीली मिट्टी असल में लाल मिट्टी का ही एक रूप है. जब लाल मिट्टी में पानी की मात्रा ज्यादा हो जाती है, तो उसमें मौजूद लोहे के तत्व एक अलग रासायनिक रूप ले लेते हैं, जिससे मिट्टी का रंग पीला दिखने लगता है. यह मिट्टी ज्यादातर नमी वाले इलाकों में पाई जाती है, जैसे पहाड़ी और जंगली क्षेत्रों के आसपास. इस मिट्टी में उपजाऊ तत्व कम होते हैं, इसलिए इसमें फसल उगाने से पहले खाद और उर्वरक डालना जरूरी होता है. यह मिट्टी बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिलती है.

यह भी पढ़ेंः इन किसानों को पीएम किसान योजना में मिलते हैं 10 हजार रुपये, जानें डिटेल

Topics & Tags:#Agriculture
Best Soil for Crops: मिट्टी का रंग बताता है खासियत, जानें काली-लाल और पीली मिट्टी का फर्क | Kisan Reporter