Camel Farming: खेती के साथ कई किसान पशुपालन का काम भी करते हैं. आमतौर पर किसान गाय, भैंस या बकरी पालन करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, आप ऊंट पालन कर के भी अच्छी कमाई कर सकते हैं? खासकर राज्सथान और गुजरात जैसे इलाकों में बहुत से लोग ऊंट पालन कर के ही अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं.
किसान ऊंटनी का दूध बेचने से लेकर सवारी और पर्यटन तक, इससे अलग-अलग तरीकों से पैसा कमा सकते हैं. अच्छी बात यह है कि, ऊंट पालन को बढ़ावा देने के लिए कुछ सरकारी योजनाओं के तहत मदद और प्रशिक्षण भी मिलता है.
ऊंट पालन से कैसे होती है कमाई?
ऊंट की खासियत है कि, वह गर्म और सूखे मौसम में रह सकता है. हालांकि, उसे भी पर्याप्त चारा, साफ पानी और देखभाल की जरूरत होती है. पशुपालक ऊंटनी का दूध बेचकर कमाई कर सकते हैं. इसके अलावा कुछ इलाकों में ऊंट का इस्तेमाल सवारी, सामान ढोने और पर्यटन के लिए भी होता है. इससे कमाई के दूसरे रास्ते खुल सकते हैं.
ऊंटनी के दूध की क्यों है मांग?
- ऊंटनी के दूध की बाजार में अलग पहचान है.
- इसमें प्रोटीन, विटामिन और दूसरे पोषक तत्व पाए जाते हैं.
- कुछ लोग इसे सामान्य दूध के विकल्प के तौर पर भी खरीदते हैं.
- हालांकि, इसे डायबिटीज, अस्थमा या दूसरी बीमारियों का इलाज मानना सही नहीं है.
- दूध बेचने से पहले आसपास के बाजार में इसकी मांग और कीमत जरूर पता करें.

यह भी पढ़ें: क्या है यूपी का राज्य पशुधन मिशन? किसानों को कैसे मिलेगा इसका फायदा
सरकार से कैसे मिल सकती है मदद?
राजस्थान सहित कुछ राज्यों में ऊंट संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चलाई जाती हैं. इनके तहत पात्र पशुपालकों को आर्थिक सहायता या दूसरी सुविधाएं मिल सकती हैं. हालांकि, सब्सिडी की रकम और पात्रता राज्य की योजना पर निर्भर करती है. इसलिए ऊंट खरीदने से पहले जिला पशुपालन कार्यालय से मौजूदा नियमों की जानकारी लें.
ऊंट की कौन-कौन सी नस्लें हैं?
भारत में बीकानेरी, जैसलमेरी, मारवाड़ी, जालोरी, मेवाड़ी, कच्छी, खरई, मालवी और मेवाती जैसी ऊंट की नस्लें पाई जाती हैं.
बीकानेरी और जैसलमेरी ऊंट शुष्क इलाकों के लिए जाने जाते हैं. वहीं, अलग-अलग नस्लों में दूध उत्पादन और काम करने की क्षमता अलग हो सकती है. इसलिए अपने इलाके और जरूरत के हिसाब से नस्ल चुनें.
ऊंट पालन शुरू करने से पहले क्या करें?
ऊंटों के रहने के लिए खुली और सुरक्षित जगह बनाएं. हरे-सूखे चारे, साफ पानी और गर्मियों में छांव का इंतजाम रखें. साथ ही पशु चिकित्सक की सलाह से स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और जरूरी देखभाल कराएं. प्रशिक्षण लेकर शुरुआत करना बेहतर रहेगा. ऊंट पालन से कितना मुनाफा होगा, यह पशुओं की संख्या, खर्च और बिक्री पर निर्भर करेगा.
यह भी पढ़ें: अब 5 महीने तक नहीं होगी चारे की किल्लत! पशुपालक जान लें ये देसी जुगाड़
