PM Kisan 24th Installment: इस समय देशभर के किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं का इंतजार कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार गुजरात के बनासकांठा से 30 अक्टूबर 2026 को किसानों के खातों में 2-2 हजार रुपये की अगली किस्त भेजेंगे. लेकिन इस बार एक ऐसी बात सामने आई है जिससे कई किसानों की चिंती बढ़ सकती है.
आपको बता दें कि, पिछली किस्त के मुकाबले इस साल लगभग 10 लाख लाभार्थियों का संख्या घट गई है. ऐसे में किसानों के लिए जरूरी है कि, वे 24वीं किस्त आने के पहले ही अपना स्टेटस चेक कर लें.
गुजरात से जारी होगी पीएम किसान की 24वीं किस्त
प्रधानमंत्री मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी पहुंचेंगे. यहां कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करने के साथ पीएम किसान की किस्त भी जारी करेंगे. इस दौरान देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसा भेजा जाएगा.
कितने किसानों को मिलेंगे 2 हजार रुपये?
कृषि मंत्रालय के बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, 24वीं किस्त के लिए 9.34 करोड़ किसानों को शामिल किया गया है. इनके खातों में कुल 18,680 करोड़ रुपये भेजे जाने की जानकारी दी गई है. इससे पहले 23वीं किस्त के दौरान करीब 9.44 करोड़ किसानों को पैसा मिला था. उस समय कुल 18,880 करोड़ रुपये जारी किए गए थे. यानी इस बार लाभार्थियों की संख्या करीब 10 लाख कम बताई गई है.
यह भी पढ़ें: क्या जंगली जानवर से नुकसान पर भी मिलता है मुआवजा, जानें फसल बीमा के नियम?
क्यों घट गए 10 लाख किसानों के नाम?
लाभार्थियों की संख्या घटने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. पीएम किसान पोर्टल के मुताबिक, एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों के लाभ लेने के संदिग्ध मामलों में जांच पूरी होने तक किस्त रोकी जा सकती है.
इसके अलावा जिन किसानों की ई-केवाईसी अधूरी है, जमीन की जानकारी सरकारी रिकॉर्ड से नहीं जुड़ी है या आधार और बैंक खाते से जुड़ी कोई परेशानी है, उनका पैसा भी अटक सकता है. कुछ मामलों में जांच पूरी नहीं होने से भुगतान रुक सकता है. हालांकि, संख्या घटने का मतलब यह नहीं कि सभी 10 लाख किसानों के नाम हमेशा के लिए काट दिए गए हैं.
कहीं आपका नाम तो नहीं कटा? ऐसे चेक करें स्टेटस
- सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
- यहां 'Know Your Status' चुनें.
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर मांगी गई जानकारी भरें.
- इसके बाद आपको किस्त, ई-केवाईसी और दूसरी जरूरी जानकारी दिखाई देगी.
रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो 'Know Your Registration Number' से पता कर सकते हैं. अगर स्टेटस में कोई कमी दिखे, तो समय रहते उसे ठीक कराएं.
यह भी पढ़ें: PM Kisan: 24वीं किस्त की तारीख तय, लेकिन इन किसानों को लग सकता है झटका
