Agriculture

रोजाना 20 लीटर तक दूध दे सकती हैं गाय की ये 4 नस्लें, जानें खासियत

N
ABP News
October 28, 2026•3 min read
रोजाना 20 लीटर तक दूध दे सकती हैं गाय की ये 4 नस्लें, जानें खासियत

High Milk Producing Cows: अगर आप भी गांव में रहकर अच्छी कमाई करना चाहते हैं, तो गाय पालन एक अच्छा विकल्प हो सकता है. आज कई किसान खेती के साथ दूध बेचकर हर महीने अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं. लेकिन गाय खरीदते समय एक छोटी सी गलती आपकी कमाई पर भारी पड़ सकती है.

दरअसल, हर गाय एक जैसा दूध नहीं देती. कुछ नस्लें ज्यादा दूध देने के लिए जानी जाती हैं, तो कुछ की देखभाल करना आसान होता है. ऐसे में अगर आप भी दूध का कारोबार शुरू करने की सोच रहे हैं, तो गाय की 4 खास नस्लों के बारे में जरूर जान लें.

होल्स्टीन फ्रिजियन गाय देती है ज्यादा दूध

होल्स्टीन फ्रिजियन यानी एचएफ गाय दुनिया की ज्यादा दूध देने वाली नस्लों में शामिल है. इसकी पहचान काले और सफेद रंग के बड़े-बड़े धब्बों से होती है. अच्छी देखभाल, पर्याप्त चारा और सही मौसम मिलने पर इस नस्ल की गाय रोजाना 15 से 20 लीटर या उससे ज्यादा दूध दे सकती है. हालांकि, एचएफ गाय को गर्मी से बचाना जरूरी होता है. इसके लिए साफ और हवादार शेड के साथ पर्याप्त पानी का इंतजाम करना चाहिए.

जर्सी गाय भी है अच्छा विकल्प

अगर आप दूध का कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो जर्सी गाय भी पाल सकते हैं. इसका शरीर आमतौर पर एचएफ गाय से छोटा होता है. इसका रंग हल्का भूरा या बादामी हो सकता है. जर्सी गाय अच्छी दूध उत्पादक मानी जाती है. बेहतर खानपान और देखभाल मिलने पर अच्छी गाय से रोजाना करीब 15 से 20 लीटर दूध मिल सकता है. हालांकि, दूध की मात्रा गाय की उम्र, सेहत और दूध देने की अवस्था पर निर्भर करती है.

यह भी पढ़ें: 25 गाय-भैंस से शुरू करें डेयरी बिजनेस, सरकार देगी 33% तक सब्सिडी!

साहीवाल गाय की क्या है खासियत?

देसी गाय पालने वाले किसानों के लिए साहीवाल एक अच्छा विकल्प है. यह नस्ल गर्म मौसम को अच्छी तरह सहन कर सकती है. इसका रंग आमतौर पर लाल-भूरा होता है. अच्छी देखभाल मिलने पर साहीवाल जैसी देसी नस्लों से रोजाना करीब 5 से 10 लीटर या उससे ज्यादा दूध मिल सकता है.

गिर गाय से भी हो सकती है अच्छी कमाई

गिर गाय भारत की प्रमुख देसी नस्लों में शामिल है. इसकी पहचान लंबे, नीचे की ओर झुके कान और उभरे हुए माथे से होती है. अच्छी नस्ल और सही देखभाल वाली गिर गाय से भी रोजाना करीब 5 से 10 लीटर या उससे ज्यादा दूध मिल सकता है. पशुपालक इसे दूध उत्पादन के लिए चुन सकते हैं.

गाय खरीदने से पहले क्या देखें?

  • पशुपालकों को केवल नस्ल का नाम सुनकर गाय नहीं खरीदनी चाहिए.
  • पहले उसका दूध निकलवाकर देखें और पिछली बार दूध देने का रिकॉर्ड पूछें.
  • इसके अलावा गाय की उम्र, सेहत, टीकाकरण और चारे पर होने वाला खर्च भी समझ लें.

यह भी पढ़ें: क्या है यूपी का राज्य पशुधन मिशन? किसानों को कैसे मिलेगा इसका फायदा

Topics & Tags:#Agriculture
रोजाना 20 लीटर तक दूध दे सकती हैं गाय की ये 4 नस्लें, जानें खासियत | Kisan Reporter