Top Cow Breeds: डेयरी का काम शुरू करने या घर पर दूध के लिए गाय पालने की सोच रहे हैं, तो सबसे पहले नस्ल का चुनाव करना जरूरी है. हर गाय की दूध देने की क्षमता और उसे पालने का खर्च अलग-अलग होता है. कुछ गायों की खासियत यह है कि वे गर्मी और बदलते मौसम में भी आसानी से रह लेती हैं.
इसके साथ ही इनकी देखभाल भी कुछ दूसरी नस्लों के मुकाबले आसान हो सकती है. इसलिए किसान ऐसी गायों की तलाश करते हैं, जो कम खर्च में अच्छा दूध दें और जिनके चारे पर ज्यादा पैसा न लगाना पड़े. आइए जानते हैं ऐसी कुछ देसी नस्लों के बारे में.
साहीवाल गाय
साहीवाल को भारत की अच्छी दूध देने वाली देसी नस्लों में गिना जाता है. इसका शरीर मजबूत होता है और यह गर्म मौसम को भी सहन कर सकती है. इस नस्ल की गायों का दूध देने का औसत अच्छा माना जाता है. ये रोजाना औसतन 8-10 लीटर तक दूध देती है. साथ ही इनकी देखभाल भी सही तरीके से की जाए, तो पशुपालकों को अच्छा फायदा मिल सकता है. हालांकि, दूध की मात्रा गाय की उम्र, खानपान और देखभाल पर निर्भर करती है.
गिर गाय
गिर नस्ल की गाय अपने मजबूत शरीर और गर्मी सहने की क्षमता के लिए जानी जाती है. यह देसी नस्ल है और इसे पालने में स्थानीय मौसम के हिसाब से आसानी हो सकती है. इसके दूध में फैट की मात्रा भी अच्छी होती है. ये रोजाना औसतन 6-10 लीटर तक दूध देती है. जिन किसानों के पास हरा चारा और साफ पानी का इंतजाम है, वे इस नस्ल को पालने के बारे में सोच सकते हैं.
राठी गाय
राठी गाय राजस्थान के गर्म और सूखे इलाकों में पाई जाने वाली देसी नस्ल है. यह कम पानी और गर्म मौसम वाले इलाकों में भी खुद को ढाल सकती है. इसकी दूध देने की क्षमता भी अच्छी मानी जाती है. ये रोजाना औसतन 6-8 लीटर तक दूध देती है. जिन किसानों के पास सीमित संसाधन हैं, वे अपने इलाके के हिसाब से इस नस्ल पर विचार कर सकते हैं. 
यह भी पढ़ें: डेयरी की क्वीन है ये भैंस, दूध बेचकर हर महीने कमाएं 65 हजार रुपये!
थारपारकर गाय
थारपारकर नस्ल की गाय भी गर्मी सहने और कठिन मौसम में रहने के लिए जानी जाती है. यह दूध देने के साथ खेती के कामों में भी उपयोगी मानी जाती रही है. इसका शरीर मजबूत होता है और सही खानपान मिलने पर यह अच्छी दूध देने वाली गाय बन सकती है.
कम चारे में दूध पाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
एक बात समझना जरूरी है कि कोई भी गाय बिना पर्याप्त चारे के ज्यादा दूध नहीं दे सकती. दूध देने वाली गाय को हरा चारा, सूखा चारा, साफ पानी और जरूरत के हिसाब से दाना देना जरूरी है. चारे की मात्रा गाय के वजन, दूध और उसकी सेहत के हिसाब से तय होती है. इसके अलावा पशुशाला साफ रखें और समय पर टीकाकरण कराएं.
यह भी पढ़ें: मछली पालकों को सरकार दे रही 40% सब्सिडी, ऐसे कराएं तालाब का बीमा
