Agriculture

Gir Cow Price: कितने की आती है गिर गाय? जानें कीमत और दूध देने की क्षमता

N
ABP News
November 15, 2026•3 min read
Gir Cow Price: कितने की आती है गिर गाय? जानें कीमत और दूध देने की क्षमता

Gir Cow Price: खेती के साथ पशुपालन करना किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है. खासकर गाय पालन में दूध बेचकर हर दिन आमदनी की जा सकती है. वहीं, गोबर से जैविक खाद बनाकर भी कुछ अतिरिक्त पैसे कमाए जा सकते हैं. ऐसी ही एक देसी नस्ल है गिर गाय, जो अच्छी दूध देने की क्षमता और मजबूत शरीर के लिए जानी जाती है. गर्म मौसम में भी यह आसानी से रह सकती है.

यही वजह है कि डेयरी का काम शुरू करने वाले कई पशुपालक इस नस्ल को पसंद करते हैं. अगर आप भी गिर गाय पालने की सोच रहे हैं, तो पहले इसकी पहचान, कीमत, दूध उत्पादन और कमाई का हिसाब समझ लीजिए.

गिर गाय की क्या है खासियत?

गिर गाय अपनी अच्छी दूध देने की क्षमता के लिए जानी जाती है. सामान्य तौर पर अच्छी नस्ल और सही देखभाल मिलने पर यह रोजाना 12 से 20 लीटर तक दूध दे सकती है. हालांकि, हर गाय का दूध एक जैसा नहीं होता. इसकी मात्रा उम्र, खानपान, सेहत और ब्याने के समय पर निर्भर करती है. यह गाय गर्म और कम बारिश वाले इलाकों में भी आसानी से रह सकती है. इसकी रोगों से लड़ने की क्षमता भी अच्छी मानी जाती है.

ऐसे करें गिर गाय की पहचान

  • गिर गाय को उसके रंग और शरीर की बनावट से पहचाना जा सकता है.
  • इसका रंग गहरा लाल, भूरा या सफेद हो सकता है.
  • कई गायों के शरीर पर लाल और चॉकलेटी रंग के धब्बे भी होते हैं.
  • इसके कान लंबे और नीचे की ओर झुके रहते हैं.
  • माथा थोड़ा उभरा हुआ होता है और सींग पीछे की तरफ मुड़े रहते हैं.
  • मादा गिर गाय का वजन औसतन करीब 385 किलो होता है.
  • नर पशु का वजन लगभग 545 किलो तक हो सकता है.

कितनी होती है गिर गाय की कीमत?

गिर गाय की कीमत उसकी उम्र, सेहत, नस्ल और दूध देने की क्षमता के हिसाब से तय होती है. आमतौर पर एक गिर गाय 50 हजार से 1.5 लाख रुपये तक में मिल सकती है. ज्यादा दूध देने वाली और अच्छी नस्ल की गाय इससे महंगी भी हो सकती है.

यह भी पढ़ें: कौन सी मछली देती है सबसे ज्यादा मुनाफा, जानें पालने की लागत

गिर गाय पालन से कितनी होगी कमाई?

गिर गाय पालकर दूध बेचने से अच्छी आमदनी की जा सकती है. मान लीजिए, आपकी गाय रोजाना 12 लीटर दूध देती है और आप इसे 65 रुपये प्रति लीटर के भाव से बेचते हैं, तो रोजाना 780 रुपये की बिक्री होगी. अगर गाय साल में 300 दिन दूध देती है, तो कुल बिक्री करीब 2.34 लाख रुपये तक पहुंच सकती है.

गिर गाय की देखभाल में रखें ध्यान

गिर गाय से अच्छा दूध पाने के लिए उसके खानपान और सेहत का ध्यान रखना जरूरी है. उसे हरा चारा, सूखा चारा और जरूरत के हिसाब से दाना दें. पीने के लिए हमेशा साफ पानी रखें. गाय के रहने की जगह साफ और हवादार होनी चाहिए. इसके साथ ही समय पर टीकाकरण और पशु चिकित्सक से जांच करवाते रहें.

यह भी पढ़ें: कम चारे में ज्यादा दूध देती हैं ये गाय, जानें कौन-कौन सी नस्लें शामिल

Topics & Tags:#Agriculture
Gir Cow Price: कितने की आती है गिर गाय? जानें कीमत और दूध देने की क्षमता | Kisan Reporter