भारत में खेती का स्वरूप धीरे-धीरे बदल रहा है. अब किसान केवल गेहूं, धान और सोयाबीन जैसी पारंपरिक फसलों तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि ऐसी फसलों की तलाश भी कर रहे हैं जिनकी मांग बाजार में बनी रहती है. इसी वजह से औषधीय पौधों की खेती में भी किसानों की दिलचस्पी बढ़ रही है. अश्वगंधा, शतावरी और सफेद मूसली ऐसी ही तीन फसलें हैं, जिनका इस्तेमाल आयुर्वेदिक दवाओं और हर्बल उत्पादों के निर्माण में किया जाता है.
इनकी बाजार में अलग-अलग उपयोगिता और कीमत है. ऐसे में आइए जानते हैं कि तीनों में किसकी मांग सबसे ज्यादा है और किसान किसकी खेती करके बेहतर कमाई कर सकते हैं?
अश्वगंधा की मांग है सबसे ज्यादा
तीनों फसलों की मांग इनके खरीदार, इस्तेमाल और बाजार पर निर्भर करती हैं. APEDA की भारतीय ऑर्गेनिक बाजार संबंधी रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2024 में भारत के औषधीय उत्पादों के निर्यात में अश्वगंधा की हिस्सेदारी लगभग 20 परसेंट थी. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी उपयोगिता का अंदाजा लगाया जा सकता है. वहीं सफेद मूसली और शतावरी की भी आयुर्वेदिक दवा निर्माता कंपनियों तथा हर्बल उत्पाद बिजनेस में मांग है.
ऐसे कर सकते हैं अश्वगंधा की खेती
अश्वगंधा की खेती मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में काफी लोकप्रिय है. इसकी जड़ों का इस्तेमाल आयुर्वेदिक दवाओं, पाउडर और हर्बल उत्पादों में किया जाता है. इसकी खेती के लिए बलुई दोमट और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी बेहतर मानी जाती है. हल्की बारिश और गर्म मौसम इसके विकास के लिए अच्छा माना जाता है. इसकी बुवाई आमतौर पर जुलाई से सितंबर के बीच की जाती है. इसे बोने के लिए एक हेक्टेयर में लगभग 10-12 किलो बीज की जरूरत पड़ सकती है. वहीं अच्छी बढ़वार के लिए खेत में पानी जमा नहीं होना चाहिए. यह बुवाई के लगभग 150-180 दिन बाद फसल तैयार हो जाती है. पत्तियां सूखने और फल लाल होने पर पौधों को उखाड़कर जड़ें अलग की जाती हैं और इन्हें साफ करके सुखाया जाता है.
यह भी पढ़ें: Cattle Insurance Scheme: गाय-भैंस का बीमा कराने पर मिलेगी 85% सब्सिडी, जानें पूरा तरीका
ऐसे करें शतावरी की खेती
शतावरी एक बहुवर्षीय औषधीय पौधा है. इसकी जड़ों का इस्तेमाल आयुर्वेदिक उत्पादों में किया जाता है. यह अश्वगंधा की तुलना में अधिक समय लेने वाली फसल है. इसके लिए अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी उपयुक्त रहती है. वहीं गर्म और नम जलवायु में इसका विकास अच्छा होता है. इसकी खेती बीज या जड़ों से तैयार पौधों के माध्यम से की जा सकती है. आमतौर पर मानसून के दौरान इसके पौधों की रोपाई की जाती है. शुरुआती विकास के समय मिट्टी में पर्याप्त नमी बनाए रखना जरूरी है. हालांकि खेत में पानी जमा नहीं होना चाहिए. शतावरी की जड़ें तैयार होने में लगभग 18-24 महीने लग सकते हैं. इसके बाद जड़ों को निकालकर बाजार में बेचने के लिए तैयार किया जाता है.
सफेद मूसली की खेती ऐसे करें
सफेद मूसली को औषधीय फसलों में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है. इसकी जड़ों का इस्तेमाल विभिन्न आयुर्वेदिक और हर्बल उत्पादों में किया जाता है. इसकी खेती से पहले बाजार और बीज की उपलब्धता की जानकारी लेना जरूरी है. इसके लिए जैविक पदार्थों से भरपूर और अच्छी जल निकासी वाली दोमट मिट्टी बेहतर रहती है. गर्म और नम मौसम इसके विकास के लिए अच्छा माना जाता है. इसकी रोपाई आमतौर पर जून-जुलाई में मानसून की शुरुआत के साथ की जाती है. इसके लिए बीज के बजाय कंदयुक्त जड़ों का इस्तेमाल भी किया जाता है. इसके लिए खेत में जलभराव नहीं होना चाहिए. लगभग छह महीने बाद पौधों का ऊपरी हिस्सा सूखने लगता है. इसके बाद जमीन से जड़ों को निकालकर उनकी सफाई, छिलाई और सुखाने की प्रक्रिया की जाती है.
यह भी पढ़ें: Peanut Farming: खेत में लगी मूंगफली छोटी रह जाती है, ये गलती तो नहीं कर रहे आप?
