Agriculture

खेती-किसानी में क्या होता है FPO, इससे क्या-क्या फायदा उठा सकते हैं किसान?

N
ABP News
August 17, 20263 min read
खेती-किसानी में क्या होता है FPO, इससे क्या-क्या फायदा उठा सकते हैं किसान?

Farmer Producer Organization: भारत में छोटे किसानों को अक्सर खेती से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. कम जमीन, महंगे कृषि इनपुट और बाजार तक पहुंचने के लिए बिचौलियों की मदद लेना किसानों की आम समस्याओं में शामिल हैं. ऐसे में FPO (Farmer Producer Organization) यानि किसान उत्पादक संगठन किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. FPO के जरिए किसान सामूहिक ताकत बढ़ाकर बेहतर कीमत और बाजार तक पहुंच हासिल कर सकते हैं. FPO की मदद से किसानों को खेती से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त हो जाती है.

क्या है FPO?

FPO किसानों का ऐसा सामूहिक संगठन है, जिसमें एक ही कृषि क्षेत्र या समान कृषि गतिविधियों से जुड़े किसान मिलकर काम करते हैं. यह संगठन किसानों के कृषि उत्पादों की खरीद, उत्पादन, भंडारण और बिक्री जैसी गतिविधियों में मदद करता है. FPO किसानों को एक साथ लाकर उनकी सामूहिक खरीद और सामूहिक बिक्री की क्षमता बढ़ाता है. इससे छोटे किसान भी बढ़े बाजार में अपनी उपस्थिती दर्ज करा सकते हैं.

कम कीमत में मिल सकता है कृषि इनपुट

किसान जब अकेले खाद, बीज, कीटनाशक या अन्य कृषि सामग्री खरीदता है तो उसकी लागत अपेक्षाकृत ज्यादा होती है. वहीं अगर सामूहिक खरीद की जाए तो माल थोक में आसानी से कम कीमत में खरीदा जा सकता है, जिससे किसान के ऊपर अधिक बोझ नहीं आता और उसे कम कीमत में कृषि इनपुट भी मिल जाते हैं.

यह भी पढ़ें: इन किसानों को पीएम किसान योजना में मिलते हैं 10 हजार रुपये, जानें डिटेल

मिलेगा अच्छा दाम

भारत में छोटे किसानों के लिए बाजार तक पहुंचना आसान नहीं होता. ऐसे में FPO की सहायता से किसान को बाजार से जुड़ने का मौका मिलता है. इससे किसान को अपनी उपज के लिए बेहतर और नए खरीदार मिलने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे उन्हें बाजार की मांग के समझने का भी अवसर मिलता है.

मिलेंगे अन्य लाभ

FPO के माध्यम से किसानों तक सरकारी योजनाएं और कृषि से जुड़ी अन्य जानकारी आसानी से पहुंच जाती हैं. किसानों को आधुनिक तकनीकों के बारे में जानने का मौका मिलता है. वहीं FPO के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़े नए-नए प्रशिक्षण देखने और सिखने को मिलते हैं, जिससे किसान अपना उत्पादन बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकता है.

एक संगठित समूह के रूप में किसान कृषि कारोबार से जुड़े अन्य अवसरों को बेहतर तरीकें से उपयोग कर सकता है. FPO के माध्यम से किसान के लिए बैंक, वित्तीय संस्थान और अन्य कारोबारी संस्थान के साथ संपर्क बनाना आसान हो जाता है.

यह भी पढ़ें: Flowers for Worship: पूजा में इस्तेमाल होते हैं ये फूल, खेती को बना सकते हैं बिजनेस मॉडल

Topics & Tags:#Agriculture
खेती-किसानी में क्या होता है FPO, इससे क्या-क्या फायदा उठा सकते हैं किसान? | Kisan Reporter