किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल को सींचते हैं और यह उम्मीद रखते है कि जब फसल पकेगी तो उनकी आमदनी होगी. लेकिन कई बार आवारा मवेशी और जंगली जानवर पूरी मेहनत पर पानी फेर देते हैं. ऐसे में किसान का परेशान होना लाजमी है क्योंकि फसल बर्बाद होने से उसकी सालभर की कमाई दांव पर लग जाती है. बहुत से किसानों के मन में यह सवाल हमेशा रहता है कि अगर मवेशियों ने खेत में खड़ी फसल को उजाड़ दिया. तो क्या सरकार या बीमा योजना की तरफ से कोई मुआवजा मिलेगा या नहीं.
आज के समय में किसानों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए पीएम फसल बीमा योजना चलाई जा रही है. इस योजना के जरिए किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ कई दूसरे जोखिमों से बचाने का प्रावधान किया गया है. जिससे उनका नुकसान कम से कम हो सके. तो चलिए आपको विस्तार से बताते हैं कि मवेशियों ने अगर फसल खराब कर दी तो आपको कैसे बीमा का लाभ मिल सकता है और इसके लिए क्या नियम बनाए गए हैं.
पीएम फसल बीमा योजना और लोकल आपदा नियम
जब बात फसल की सुरक्षा और मुआवजे की आती है. तो पीएम फसल बीमा योजना का नाम सबसे पहले सामने आता है. जो देश के करोड़ों किसानों का बड़ा सहारा बन चुकी है. इस योजना के तहत सूखा पड़ने, ओले गिरने या बेमौसम बारिश जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान पर तो बीमा का पैसा मिलता ही है. इसके साथ ही इसमें स्थानीय आपदाओं का भी प्रावधान है.
योजना के नियमों के अनुसार अगर स्थानीय स्तर पर आवारा पशुओं, नीलगाय या जंगली मवेशियों के झुंड ने फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया जाता है. तो वह भी इस दायरे में आ सकता है. हालांकि इसके लिए यह जरूरी होता है कि नुकसान का दायरा और वजह सही समय पर बीमा कंपनी या कृषि विभाग के अधिकारियों के सामने साबित किया जा सके.

नुकसान होने पर तुरंत उठाने वाले जरूरी कदम
अगर आपके खेत में भी मवेशियों ने फसल को बर्बाद कर दिया है. तो आपको बिल्कुल भी देर नहीं करनी चाहिए और तुरंत कुछ जरूरी कानूनी और तकनीकी कदम उठाने चाहिए. सबसे पहला नियम यह है कि फसल नुकसान होने के 48 से 72 घंटों के भीतर आपको इसकी सूचना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पोर्टल, संबंधित बैंक या कृषि विभाग को देनी होगी. आप चाहें तो इस योजना के ऑफिशियल हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
जिससे अधिकारी मौके पर आकर जायजा ले सकें. इसके अलावा अपने खेत में बर्बाद हुई फसल की साफ तस्वीरें और वीडियो जरूर सुरक्षित रख लें. जो बाद में बीमा क्लेम पास कराने के लिए सबसे बड़ा सबूत बनते हैं. कई बार जानकारी देने में देरी हो जाने के चलते किसानों के क्लेम अटक जाते हैं. इसलिए समय पर सूचना देना और सभी दस्तावेजों को तैयार रखना सबसे जरूरी काम होता है.
यह भी पढ़ें: एक एकड़ में भिंडी उगाने पर कितना मुनाफा होगा? जानें डिटेल्स
क्लेम प्रोसेस में ध्यान रखने वाली बातें
शिकायत दर्ज होने के बाद बीमा कंपनी के अधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारी आपके खेत का निरीक्षण करने के लिए आते हैं और नुकसान का आकलन करते हैं. अधिकारी यह जांच करते हैं कि फसल को कितना नुकसान हुआ है और क्या यह नुकसान वाकई मवेशियों द्वारा पहुंचाया गया है या नहीं.
जिसके आधार पर रिपोर्ट तैयार होती है. अगर जांच में आपका दावा सही पाया जाता है. तो बीमा के नियमों के अनुसार तय की गई मुआवजा राशि सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है. हालांकि, हर राज्य और क्षेत्र के स्थानीय नियम इसमें थोड़ा अलग हो सकते हैं. इसलिए फॉर्म भरते समय सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लेना जरूरी होता है.

यह भी पढ़ें: गौशाला खोलने पर सरकार देगी सब्सिडी, जानें कितनी मिलेगी मदद
