Agriculture

कितने रुपये से शुरू हो जाती है झींगा की खेती, इन्हें पालने में कितना मुनाफा?

N
ABP News
September 19, 20264 min read
कितने रुपये से शुरू हो जाती है झींगा की खेती, इन्हें पालने में कितना मुनाफा?

आज के दौर में खेती-किसानी के मायने पूरी तरह बदल चुके हैं. पारंपरिक फसलों से हटकर किसान अब उन बिजनेस की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं. जो कम समय में तगड़ा मुनाफा दे सकें. इसी लिस्ट में झींगा पालन यानी प्रॉन फार्मिंग का नाम सबसे ऊपर चल रहा है. डिमांड इतनी जबरदस्त है कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक इसकी भारी मांग बनी हुई है. पहले ऐसा माना जाता था कि झींगे पालने के लिए समंदर का खारा पानी होना जरूरी है.

लेकिन अब नई तकनीकों के इस्तेमाल से किसान मीठे पानी के तालाबों में भी इसकी बंपर पैदावार ले रहे हैं. अगर आप भी खेती के साथ एक्सट्रा इनकम का जरिया तलाश रहे हैं तो झींगा पालन आपके लिए मुनाफे का सौदा साबित हो सकता है. इसी वजह से बहुत से युवाओं और किसानों का रुझान इस तरफ तेजी से बढ़ रहा है. जान लें कितनी आती है इसमें लागत और क्या है मुनाफे का हिसाब.

कितने खर्च में शुरू होता है झींगा पालन का बिजनेस?

अगर आपके मन में यह सवाल है कि इस काम को शुरू करने में आखिर कितने रुपये लगेंगे तो बता दें कि छोटे स्तर पर इसकी शुरुआत डेढ़ से दो लाख रुपये के शुरुआती खर्च से की जा सकती है. हालांकि अगर आप व्यावसायिक यानी बड़े पैमाने पर एक एकड़ जमीन या तालाब में इसकी शुरुआत करना चाहते हैं. तो खर्च थोड़ा बढ़ जाता है. इसमें तालाब की खुदाई या उसकी साफ-सफाई, अच्छी क्वालिटी वाले झींगा बीज, स्पेशल फीड, और ऑक्सीजन पंप जैसी जरूरी मशीनें शामिल होती हैं.

अच्छी बात यह है कि सरकार ने हाल ही में झींगा फीड और इसके ब्रूडस्टॉक के आयात पर लगने वाले कस्टम ड्यूटी को काफी कम कर दिया है. जिससे किसानों को अब दाने और बीजों पर कम लागत चुकानी पड़ती है. इसके अलावा आप चाहें तो बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड या फिर मत्स्य संपदा योजना के तहत लोन और सब्सिडी का लाभ उठाकर इस शुरुआती लागत के बोझ को और भी ज्यादा कम कर सकते हैं.


तालाब की तैयारी और खानपान का सही तरीका

झींगा पालन में सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी काम है तालाब का सही रखरखाव. बिजनेस शुरू करने से पहले तालाब के पुराने पानी को पूरी तरह निकालकर उसे धूप में अच्छी तरह सुखाया जाता है. जिससे सारे हानिकारक बैक्टीरिया खत्म हो जाएं. इसके बाद मिट्टी के पीएच लेवल को मेंटेन करने के लिए तय मात्रा में चूने का छिड़काव किया जाता है.

जब तालाब में ताजा और साफ पानी भर दिया जाता है. तब इसमें झींगा के बीजों को छोड़ा जाता है. शुरुआत में इनके खाने-पीने का खास ख्याल रखना पड़ता है. इन्हें प्रोटीन वाले दाने, मैदे और अंडे का मिश्रण या बाजार में मिलने वाला स्पेशल कमर्शियल फीड दिया जाता है. इनकी ग्रोथ पर नजर रखने के लिए बीच-बीच में जाल डालकर इनके साइज को चेक करते रहना बेहद जरूरी होता है. जिससे कमजोर और बीमार झींगों की समय रहते देखभाल की जा सके.

यह भी पढ़ें: चिया सीड्स की खेती से कर सकते हैं अच्छी कमाई, इन बातों का रखें ध्यान

इतनी हो सकती है कमाई

कमाई की बात करें तो झींगा पालन का बिजनेस किसानों को मालामाल कर सकता है. झींगा के बीज डालने के बाद 4 से 5 महीने के भीतर पूरी तरह तैयार हो जाते हैं. इस दौरान सही देखरेख मिलने पर झींगा अच्छी खासी ग्रोथ पा लेते हैं और बाजार में इनकी कीमत भी बहुत शानदार मिलती है. अगर आप एक एकड़ पानी में इसकी खेती करते हैं.

तो सारी लागत जिसमें बिजली, दाना, मजदूरी और बीज का खर्च निकालने के बाद भी आसानी से 2 से 3 लाख रुपये का मुनाफा कमा सकते हैं. बाजार में इसकी डिमांड हमेशा हाई रहती है. जिसके चलते स्थानीय आढ़तों से लेकर बड़े एक्सपोर्टर्स तक इसे हाथों-हाथ खरीद लेते हैं. यही वजह है कि कम समय में बेहतरीन रिटर्न चाहने वाले किसानों के बीच यह बिजनेस तेजी से फेवरेट बन रहा है.


यह भी पढ़ें: बालकनी में लगाएं ये फूल, खुशबू से महकेगा घर

Topics & Tags:#Agriculture
कितने रुपये से शुरू हो जाती है झींगा की खेती, इन्हें पालने में कितना मुनाफा? | Kisan Reporter