अगर आपके घर में छत, बालकनी या आंगन है और आपको बागवानी का शौक है, तो हरी इलायची का पौधा घर पर उगाना एक बेहतरीन आइडिया हो सकता है. इलायची न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है. खास बात यह है कि इसे उगाने के लिए बड़े खेत की जरूरत नहीं होती, थोड़ी सी देखभाल के साथ इसे गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है.
बीज या पौधा कहां से लें?
इलायची उगाने के लिए आप बाजार से तैयार पौधा ला सकते हैं या फिर बीज से भी शुरुआत कर सकते हैं. अगर बीज से उगाना चाहते हैं, तो बाजार से ली गई हरी इलायची की फली से बीज निकाल लें. ध्यान रखें कि फली ताजी और केमिकल-फ्री हो. बीज निकालने के बाद उन्हें अच्छी तरह धो लें और अंकुरण आसान बनाने के लिए करीब एक दिन पानी में भिगो कर रखें.
कैसी मिट्टी की जरूरत होती है?
इलायची के बीज को हल्की और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी पसंद होती है. ऐसी मिट्टी में बीज सबसे अच्छी तरह अंकुरित होते हैं. इसके लिए आप सामान्य बगीचे की मिट्टी में रेत, कोकोपीट और गोबर की खाद या कंपोस्ट मिलाकर एक अच्छा पॉटिंग मिक्स तैयार कर सकते हैं. यह मिश्रण मिट्टी को हल्का बनाता है और पौधे की जड़ों में पानी नहीं रुकने देता, जो इलायची के पौधे के लिए बहुत जरूरी है.
बीज बोने का तरीका
सबसे पहले एक छोटे गमले या सीडलिंग ट्रे में भीगे हुए बीज बो दें. बीज को बहुत गहराई में नहीं, बल्कि हल्की सी मिट्टी की परत से ढकें. इसके बाद हल्का पानी छिड़कें और गमले को ऐसी जगह रखें जहां छाया के साथ हल्की धूप भी मिलती हो. कुछ ही हफ्तों में बीज अंकुरित होने लगते हैं. जब पौधा करीब 3 से 4 इंच लंबा हो जाए और उस पर 2 या उससे ज्यादा असली पत्तियां आ जाएं, तब उसे बड़े और गहरे गमले में शिफ्ट कर दें.
यह भी पढ़ें: अगस्त में बोएं ये सब्जी, सितंबर में होगी अच्छी कमाई
धूप और पानी का ध्यान रखें
इलायची का पौधा सीधी तेज धूप में अच्छी तरह नहीं बढ़ता, इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां हल्की छनी हुई धूप मिले. फिर भी पौधे को रोजाना करीब 5 से 6 घंटे की रोशनी जरूर मिलनी चाहिए. मिट्टी में हल्की नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, वरना जड़ें सड़ सकती हैं. इसलिए गमले में जल निकासी के लिए नीचे छेद जरूर होने चाहिए.
कितने समय में मिलेगी इलायची?
इलायची का पौधा पूरे साल हरा-भरा रहता है और इसकी पत्तियां भी काफी लंबी और आकर्षक होती हैं, जिससे यह घर की हरियाली भी बढ़ाता है. लेकिन इलायची की फली आने में थोड़ा समय लगता है. आमतौर पर पौधा लगाने के दो से चार साल के भीतर उसमें फूल और फलियां आनी शुरू होती हैं. इसके लिए सब्र रखना जरूरी है, क्योंकि यह पौधा धीरे-धीरे बढ़ता है.
यह भी पढ़ें: मिर्च के पौधे में ज्यादा फल चाहिए? न करें ये 5 गलतियां
