Agriculture

पराली से बना सकते हैं प्रोडक्ट्स, हो जाएंगे मालामाल

N
ABP News
October 20, 2026•3 min read
पराली से बना सकते हैं प्रोडक्ट्स, हो जाएंगे मालामाल

Stubble Management Tips: धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली किसानों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन जाती है. किसान बेकार समझकर जला देते हैं जिससे धुआं फैलता है और मिट्टी को भी नुकसान पहुंचता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, यही पराली कमाई का जरिया भी बन सकती है?

जी हां, आप इसी पराली के इस्तेमास से कई तरह के सामान तैयार कर सकते हैं, जिनकी मांग बाजार में रहती है. अगर किसान या गांव के युवा सही जानकारी और बाजार को समझकर काम शुरू करें, तो पराली को जलाने के बजाय उससे कारोबार करने का रास्ता निकाल सकते हैं. साथ ही इससे प्रदूषण से भी राहत मिल सकती है.

पराली से कौन-कौन से प्रोडक्ट बना सकते हैं?

पराली का इस्तेमाल सिर्फ खेतों में खाद बनाने या पशुओं के बिछावन तक सीमित नहीं है. तकनीक और जरूरत के हिसाब से इससे कई तरह के उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं.

  • कागज और गत्ते का सामान: पराली में मौजूद रेशों का इस्तेमाल कागज और गत्ते जैसी चीजें बनाने में किया जा सकता है. इनसे पैकिंग के डिब्बे और दूसरे सामान तैयार किए जा सकते हैं. इसके लिए खास मशीनों और प्रोसेसिंग की जरूरत होती है.
  • पशुओं के लिए चारा और बिछावन: सही तरीके से संभालकर रखी गई धान की पराली का इस्तेमाल पशुओं के बिछावन के लिए किया जा सकता है. हालांकि, इसे पशुओं को खिलाने से पहले उसकी क्वालिटी और पोषण की जांच जरूरी है. हर तरह की पराली सीधे चारे के रूप में इस्तेमाल करने लायक नहीं होती.
  • जैविक खाद: पराली को गोबर और दूसरे जैविक पदार्थों के साथ सड़ाकर खाद बनाई जा सकती है. इससे खेतों में जैविक पदार्थ बढ़ाने में मदद मिलती है. किसान इसे अपने खेत में इस्तेमाल कर सकते हैं या स्थानीय मांग के हिसाब से बेचने की संभावना तलाश सकते हैं.
  • बायोमास ईंधन: पराली को छोटे टुकड़ों में काटकर और दबाकर बायोमास की गांठें या पेलेट बनाए जा सकते हैं. इनका इस्तेमाल कुछ उद्योगों और ऊर्जा उत्पादन से जुड़ी इकाइयों में ईंधन के तौर पर होता है. इसके लिए मशीन, बिजली और खरीदार की व्यवस्था जरूरी है.

पराली से कारोबार शुरू करने के लिए क्या करें?

अगर आप पराली से सामान बनाकर कमाई करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने इलाके में इसकी उपलब्धता और खरीदारों का पता लगाएं. यह भी देखें कि आसपास कागज बनाने वाली फैक्ट्री, बायोमास ईंधन की इकाई या खाद खरीदने वाले किसान मौजूद हैं या नहीं. इससे आपको समझ आएगा कि किस उत्पाद की मांग है.

छोटे स्तर पर खाद बनाने जैसे काम से शुरुआत की जा सकती है, जबकि पेलेट और कागज बनाने के लिए ज्यादा पूंजी, मशीन और जगह की जरूरत पड़ सकती है. कारोबार शुरू करने से पहले लागत, बिजली, मजदूरी, ढुलाई और बिक्री का पूरा हिसाब लगाएं.

यह भी पढ़ें: ऐसे करेंगे स्टोर, तो महीनों तक सुरक्षित रहेगा हरा चारा

कमाई से पहले इन बातों का रखें ध्यान

पराली से कमाई की संभावना जरूर है, लेकिन हर उत्पाद से तुरंत बड़ा मुनाफा होगा, ऐसा नहीं है. कमाई इस बात पर निर्भर करेगी कि पराली कितनी आसानी से मिलती है, उसे तैयार करने में कितना खर्च आता है और बाजार में उसकी मांग कितनी है. इसलिए पहले स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाएं और खरीदार तय करने के बाद ही बड़ा निवेश करें.

यह भी पढ़ें: गोबर से खाद बनाकर कमाएं पैसे, जानें वर्मी कंपोस्ट बिजनेस का पूरा खर्च

Topics & Tags:#Agriculture
पराली से बना सकते हैं प्रोडक्ट्स, हो जाएंगे मालामाल | Kisan Reporter